फर्रुखाबाद : पशुधन एवं दुग्ध विकास मंत्री धर्मपाल सिंह ने की समीक्षा बैठक, दिए गौसंरक्षण और पशुपालकों के हित में निर्देश

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 02 नवम्बर 2025 उत्तर प्रदेश सरकार के पशुधन एवं दुग्ध विकास मंत्री धर्मपाल सिंह की अध्यक्षता में आज लोक निर्माण विभाग के अतिथि गृह में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले के शीर्ष प्रशासनिक एवं पशुधन विभाग के अधिकारियों ने भाग लिया।

मंत्री धर्मपाल सिंह ने बैठक में उपस्थित अधिकारियों को निर्देशित किया कि गौशालाओं में गायों को हरा चारा उपलब्ध कराया जाए तथा गायों की नस्ल सुधार पर विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होंने कहा कि जो गायें कम दूध देती हैं, उन्हें लोग अक्सर आवारा छोड़ देते हैं, जो अत्यंत गलत है। सरकार का लक्ष्य है कि हर गाय उपयोगी बने और किसानों की आय में सहयोग करे।

मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सर्दी से बचाव के लिए गौशालाओं में आवश्यक प्रबंध किए जाएं और सीसीटीवी कैमरे लगवाए जाएं ताकि सुरक्षा एवं निगरानी बेहतर हो सके। साथ ही उन्होंने कहा कि गाय के गोबर का सदुपयोग किया जाए — जैसे जैविक खाद, गोबर गैस आदि के रूप में — जिससे किसानों को आर्थिक लाभ मिल सके।

उन्होंने बताया कि उच्च नस्ल की गायों का सीमेन (वीर्य) निःशुल्क उपलब्ध कराया जाएगा, और टीकाकरण अभियान को समुचित रूप से संचालित किया जाए ताकि पशु स्वस्थ रहें और महंगी औषधियों की आवश्यकता न पड़े।

मंत्री ने यह भी कहा कि निम्न नस्ल की गायों के बछड़ों का बधियाकरण कराया जाए और लघु पशुपालन जैसे बकरी, सूकर और मुर्गी पालन को भी बढ़ावा दिया जाए, जिससे किसानों की आय में वृद्धि हो सके।

बैठक में मंत्री ने बैंकों की बैठक बुलाने के निर्देश दिए, ताकि पशुपालकों को कर्ज देने में उदारता बरती जा सके। उन्होंने मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) को इस संबंध में आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए।

बैठक के दौरान एक शिकायत सामने आई कि एक किसान की गाय के तीन थन खराब हो गए हैं। मंत्री ने अधिकारियों को तुरंत बीमारी की जांच कर उचित उपचार कराने के निर्देश दिए, ताकि पशुपालकों की समस्याओं का समाधान हो सके।

मंत्री धर्मपाल सिंह ने कहा —“पशु सेवा हमारा कर्तव्य है, यह पुण्य का कार्य है। खेती और पशु एक-दूसरे के पूरक हैं।”

उन्होंने यह भी घोषणा की कि सरकार एक गाय पर ₹40,000 और दो गायों पर ₹80,000 तक का अनुदान दे रही है, जिससे पशुपालक प्रोत्साहित हों। यह सुविधा केवल दो गायों तक सीमित होगी। साथ ही, अन्य प्रदेशों से गिर नस्ल की गाय लाने पर होने वाला खर्च भी सरकार वहन करेगी।

बैठक में जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी, मुख्य विकास अधिकारी, पुलिस अधीक्षक, तथा अन्य जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।