फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 01 नवम्बर 2025 थाना मऊदरवाजा क्षेत्र के मोहल्ला शेख नियायत अली बजरिया में शनिवार दोपहर अधिवक्ता विनोद सक्सेना के आवास पर अचानक आग लग जाने से हड़कंप मच गया। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और कमरे में रखी नकदी समेत अन्य कीमती सामान जलकर राख हो गया।
जानकारी के अनुसार, अधिवक्ता विनोद सक्सेना का परिवार उसी मकान में रहता है। घटना के समय घर के बाहर उनकी पत्नी किरन सक्सेना बैठी थीं। तभी अचानक कमरे में रखे गैस सिलेंडर में आग लग गई। कुछ ही देर में आग की लपटों ने पूरे कमरे को अपनी चपेट में ले लिया।
आग की तेज लपटें देखकर आस-पड़ोस के लोग मौके पर जुट गए और समर आदि लोगों की मदद से काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। इस दौरान आग की चपेट में आने से कमरे की छत भी गिर गई, जिससे कमरे में बंद एक पालतू कुत्ते की मौत हो गई।
विनोद सक्सेना ने बताया कि आगजनी में करीब 40 हजार रुपये नकद सहित घर का अन्य कीमती सामान जल गया है। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है, लेकिन घटना को लेकर मोहल्ले में दहशत का माहौल बना हुआ है।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार की सहायता की मांग की है। पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर घटना की जानकारी संबंधित अधिकारियों को दी है।
