फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 01 नवम्बर 2025 आज जनपद में “यातायात माह – नवम्बर 2025” का शुभारम्भ जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी एवं पुलिस अधीक्षक आरती सिंह द्वारा संयुक्त रूप से किया गया। इस अवसर पर दोनों अधिकारियों ने पुलिस लाइन फतेहगढ़ से यातायात जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
रैली में बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी, स्कूली छात्र-छात्राएं, सामाजिक संगठनों के सदस्य तथा आम नागरिक शामिल हुए। सभी प्रतिभागियों ने हाथों में स्लोगन लिखी तख्तियां लेकर लोगों से “सड़क सुरक्षा, जीवन रक्षा” का संदेश दिया।
जिलाधिकारी श्री द्विवेदी ने इस मौके पर कहा कि सड़क सुरक्षा सभी की जिम्मेदारी है। यातायात नियमों का पालन कर हम न केवल अपनी, बल्कि दूसरों की जान भी बचा सकते हैं। उन्होंने लोगों से हेलमेट, सीट बेल्ट, गति सीमा का पालन करने और मोबाइल फोन का उपयोग करते हुए वाहन न चलाने की अपील की।
पुलिस अधीक्षक श्रीमती आरती सिंह ने कहा कि यातायात माह के दौरान पूरे जनपद में विशेष जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। स्कूलों, कॉलेजों और सार्वजनिक स्थलों पर यातायात नियमों के प्रति लोगों को जागरूक किया जाएगा।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी लोगों ने शपथ ली कि वे स्वयं यातायात नियमों का पालन करेंगे और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करेंगे।
