फर्रूखाबाद में लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती पर “यूनिटी मार्च” का भव्य आयोजन

फर्रूखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 31 अक्टूबर 2025 “राष्ट्रीय एकता दिवस” एवं लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर आज दुर्गा नारायण पी.जी. कॉलेज, फतेहगढ़ से एक भव्य “यूनिटी मार्च” (जिलास्तरीय पदयात्रा) का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत सरदार पटेल की प्रतिमा पर जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक द्वारा माल्यार्पण और पुष्पांजलि अर्पित कर की गई। इसके पश्चात अधिकारियों एवं उपस्थित जनसमूह को राष्ट्रीय एकता और अखंडता की शपथ दिलाई गई।

शपथ ग्रहण के बाद जिलाधिकारी के नेतृत्व में पदयात्रा का शुभारंभ डी.एन. कॉलेज परिसर से हुआ, जो बड़ा चौराहा, कोतवाली मार्ग होते हुए पुनः कॉलेज परिसर में संपन्न हुई। पूरे मार्ग में विद्यार्थियों, अधिकारियों, एनसीसी कैडेट्स, एनएसएस स्वयंसेवकों, होमगार्ड तथा पीआरडी जवानों ने राष्ट्रीय एकता के नारे लगाते हुए उत्साहपूर्वक भाग लिया।

इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी विनोद कुमार गौड़, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं अरुण कुमार सिंह अपर जिलाधिकारी दिनेश कुमार नगर मजिस्ट्रेट संजय कुमार बंसल, जिला विकास अधिकारी श्याम कुमार तिवारी सहित जनपद के विभिन्न विभागों के अधिकारी, शिक्षण संस्थानों के छात्र-छात्राएं एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का उद्देश्य देश में एकता, अखंडता और राष्ट्रीय समरसता के संदेश को जन-जन तक पहुँचाना रहा। लौह पुरुष सरदार पटेल के योगदान को नमन करते हुए उपस्थित लोगों ने उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प दोहराया।