फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 29 अक्टूबर 2025 को अपराह्न 5:30 बजे जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी की अध्यक्षता में जिला पोषण समिति की समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में प्रभारी मुख्य विकास अधिकारी/परियोजना निदेशक डीआरडीए, जिला विकास अधिकारी, जिला पूर्ति अधिकारी, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, जिला पंचायतराज अधिकारी, अपर मुख्य चिकित्साधिकारी, खंड शिक्षा अधिकारी, सहायक विकास अधिकारी (पंचायतीराज), प्रभारी चिकित्साधिकारी, बाल विकास परियोजना अधिकारी एवं मुख्य सेविकाओं ने प्रतिभाग किया।
बैठक में जिलाधिकारी ने जनपद में संचालित पोषण कार्यक्रमों की गहन समीक्षा की और कई बिंदुओं पर निर्देश जारी किए।
बैठक के प्रमुख बिंदु:
1️⃣ पोषण भी पढ़ाई भी:
जिलाधिकारी ने बताया कि आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों के प्रशिक्षण के 15 बैचों में से 14 बैच का प्रशिक्षण पूर्ण हो चुका है। अंतिम बैच का प्रशिक्षण 30 अक्टूबर से 1 नवम्बर तक आयोजित किया जाएगा।
2️⃣ प्रधानमंत्री मातृत्व वंदना योजना:
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि सभी प्राप्त आवेदनों का समय पर और नियम अनुसार निस्तारण किया जाए। साथ ही आंगनबाड़ी केंद्रों की मैपिंग का कार्य शीघ्र पूर्ण किया जाए।
3️⃣ एनआरसी (पोषण पुनर्वास केंद्र):
इस माह केवल 24 बच्चों की भर्ती होने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी व्यक्त की। नवाबगंज एवं मोहम्मदाबाद परियोजनाओं से एक भी बच्चा सन्दर्भित न होने पर संबंधित सीडीपीओ को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए। साथ ही सभी सीडीपीओ को प्रति माह कम से कम चार बच्चों को एनआरसी में अनिवार्य रूप से सन्दर्भित करने के निर्देश दिए गए।
4️⃣ चेहरा प्रमाणीकरण (Face Authentication):
जनपद में अब तक 89% लाभार्थियों का चेहरा प्रमाणीकरण एवं ई-केवाईसी पूर्ण हो चुका है। नवाबगंज परियोजना की प्रगति सबसे कम पाई गई, जिस पर संबंधित सीडीपीओ को नोटिस जारी करने के निर्देश हुए।
5️⃣ पोषण ट्रैकर एप:
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि पोषण ट्रैकर एप पर डाटा फीडिंग का कार्य 31 अक्टूबर 2025 तक शत-प्रतिशत पूरा किया जाए, अन्यथा लापरवाह कार्यकत्रियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।
6️⃣ आईजीआरएस शिकायतें:
आईजीआरएस के तहत प्राप्त सभी शिकायतों का स्थलीय सत्यापन कर शिकायतकर्ता को अनिवार्य रूप से सुनवाई प्रदान करने के निर्देश दिए गए।
7️⃣ आंगनबाड़ी केंद्र निर्माण:
वित्तीय वर्ष 2023-24 के अंतर्गत 20 आंगनबाड़ी केंद्रों का निर्माण कार्य कराया गया है, जिनमें से 4 केंद्रों पर पॉल बाल राइटिंग का कार्य शेष है। जिलाधिकारी ने एक सप्ताह के अंदर सभी केंद्रों का निर्माण कार्य पूर्ण कराकर हस्तांतरण की प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए।
अंत में जिलाधिकारी ने सभी बाल विकास परियोजना अधिकारियों एवं सहायक विकास अधिकारियों को निर्देशित किया कि त्वरित विकास योजना एवं मिनरल फंड के अंतर्गत नए आंगनबाड़ी केंद्रों के निर्माण हेतु कार्ययोजना शीघ्र तैयार कर प्रस्तुत करें।
बैठक में पोषण योजनाओं की प्रगति को और तेज करने तथा लाभार्थियों तक योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए ठोस रणनीति पर जोर दिया गया।
