फर्रुखाबाद में बंद चमड़ा गोदाम से गौवंश की हड्डियों की बिक्री का भंडाफोड़, हिंदू संगठनों ने किया हंगामा

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 29 अक्टूबर 2025 शहर कोतवाली क्षेत्र के ठंडी सड़क स्थित मदर इंडिया कोल्ड स्टोरेज के सामने संचालित एक बंद पड़े चमड़ा गोदाम में गौवंश की हड्डियों की अवैध खरीद-फरोख्त का भंडाफोड़ हुआ है। सूचना मिलते ही हिंदू संगठनों के कार्यकर्ताओं ने मौके पर पहुंचकर जमकर हंगामा किया और आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।

जानकारी के अनुसार, हिंदू संगठन के कार्यकर्ताओं को सूचना मिली थी कि हैवतपुर गढ़िया गौशाला में मृत गायों की हड्डियों को इकट्ठा कर बिना लाइसेंस चल रहे चमड़ा गोदाम में बेचा जा रहा है। जब कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे तो उन्होंने कुछ लोगों को प्लास्टिक की बोरियों में हड्डियां लेकर जाते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया। पूछताछ में पकड़े गए लोगों ने बताया कि वे यह हड्डियां फरियाब नामक व्यक्ति को बेचते हैं।

घटना की जानकारी मिलते ही सीओ सिटी ऐश्वर्या उपाध्याय, नगर मजिस्ट्रेट संजय बंसल, कोतवाल राजीव पांडेय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने गोदाम मालिक फरियाब समेत करीब आधा दर्जन लोगों को हिरासत में ले लिया।

पुलिस पूछताछ में फरियाब ने बताया कि वह कबाड़ का व्यवसाय करता है और वर्ष 2014 में उसका चमड़ा व्यापार का लाइसेंस समाप्त हो गया था। इसके बावजूद वह बिना लाइसेंस के लोगों से हड्डियां और खाल खरीदकर व्यापार कर रहा था।

मौके पर हिंदू महासभा के प्रदेश उपाध्यक्ष विमलेश मिश्रा, अखिलेश मिश्रा, गोरक्षा रक्षा राष्ट्रीय बजरंगदल के जिलाध्यक्ष हिमांशु गुप्ता, महामंत्री सनी गुप्ता, विनिता बाजपेयी, नगर अध्यक्ष साहिल मिश्रा, गोरक्षा प्रकोष्ठ के नगर अध्यक्ष शुभम शर्मा, जिला मंत्री मोनू दुबे, जिला उपाध्यक्ष सुमित गुप्ता समेत कई कार्यकर्ता पहुंचे और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए नारेबाजी की।

कोतवाल राजीव पांडेय ने बताया कि पुलिस ने मौके से बरामद हड्डियों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल सभी संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है, और मामले की तहकीकात जारी है।