फर्रुखाबाद:कायमगंज में दर्दनाक सड़क हादसा : स्कूली बस की चपेट में आकर किशोरी रिया शाक्य की मौत, परिवार में मचा कोहराम

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 29 अक्टूबर 2025 जनपद के कंपिल थाना क्षेत्र में बुधवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर दिया। स्कूली बस की चपेट में आने से 13 वर्षीय किशोरी रिया शाक्य की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद चालक बस लेकर फरार हो गया, जबकि मृतका के परिवार में कोहराम मच गया।

जानकारी के अनुसार, रिया शाक्य, निवासी ग्राम भैंसराना थाना राजा के रामपुर, जनपद एटा, अपनी बहन के यहां कायमगंज आई हुई थी। बुधवार को वह अपने भाई नितेश के साथ बाइक से जा रही थी। जब दोनों ग्राम मानिकपुर के पास पहुंचे, तभी पीछे से आ रही एक स्कूली बस ने तेज रफ्तार में बाइक को ओवरटेक करने की कोशिश की।

इसी दौरान बस की टक्कर लगने से रिया बाइक से गिर गई और बस का पिछला पहिया उसके ऊपर चढ़ गया। हादसे में रिया की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चालक बस लेकर मौके से फरार हो गया।

मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बताया जा रहा है कि रिया आधा दर्जन भाई-बहनों में सबसे छोटी थी। उसकी मौत की खबर सुनते ही घर में मातम पसर गया और परिवार की महिलाएं बिलख-बिलख कर रोती रहीं।

स्थानीय लोगों ने हादसे पर गहरा शोक जताया और बस चालक की गिरफ्तारी की मांग की है। पुलिस ने फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है।