लखीमपुर खीरी : मंच से सीएम ने बदल दिया मुस्तफाबाद का नाम, कहा अब से यह कबीरधाम

लखीमपुर खीरी : ( द दस्तक 24 न्यूज़ ) उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री माननीय योगी आदित्यनाथ सोमवार को मुस्तफाबाद के कबीरधाम पहुंचे सीएम योगी आदित्यनाथ ने लखीमपुर खीरी के मंच से कहा कि आप याद करिए आज यूपी में हमारी डबल इंजन की सरकार है हम प्रमुख धर्मस्थलों का पुनरुद्धार कर रहे हैं, हमने इलाहाबाद का नाम बदलकर प्रयागराज किया, फैजाबाद का नाम बदलकर अयोध्या कर दिया, अब मुस्तफाबाद का नाम भी बदलकर कबीरधाम किया जाएगा.इससे पहले मुगलसराय रेलवे स्टेशन का नाम पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन किया गया था. झांसी रेलवे स्टेशन का नाम वीरांगना लक्ष्मीबाई रेलवे स्टेशन रखा गया था. मुगलसराय तहसील का नाम भी पंडित दीन दयाल उपाध्याय कर दिया गया था।

सीएम योगी ने कहा हम सभी धर्मस्थलों के सुंदरीकरण और पुनरुद्धार का काम कर रहे हैं. हमने काशी, मथुरा और अयोध्या ही नहीं, बल्कि मथुरा, वृंदावन, गोकर्ण समेत सभी जन आस्था से जुड़े धार्मिक स्थलों का पुनर्निर्माण कर रहे हैं.

मुख्यमंत्री योगी ने कहा मैं जब यहां आया तो मैंने पूछा कि इस गांव का नाम क्या था तो पता चला था कि मुस्तफाबाद मैंने प्रस्ताव मंगाकर यहां का नाम बदलने को कहा है भाइयों और बहनों यही है आत्मीयता का भाव इन लोगों ने अयोध्या को फैजाबाद किया था और प्रयागराज को इलाहाबाद किया था ।

मुख्यमंत्री ने संत असंगदेव जी महाराज के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि वे धर्म, नशा मुक्ति और राष्ट्र चेतना का अद्भुत कार्य कर रहे हैं। उन्होंने नशा मुक्ति पर बोलते हुए कहा कि नशा नाश का कारण है। विदेशी ताकतें हमारे युवाओं को बर्बाद करने की साजिश रच रही हैं। फोन का इस्तेमाल सीमित करें और आत्मविकास पर ध्यान दें। सीएम योगी ने गो सेवा और नेचुरल फार्मिंग पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि हर गाय के लिए सरकार 1500 रुपये प्रतिमाह दे रही है। गोमाता के संरक्षण के लिए जनप्रतिनिधियों को गोशालाओं की देखरेख करनी चाहिए। रासायनिक खेती से जमीन ऊसर हो रही है, इसलिए नेचुरल फार्मिंग अपनाएं। एक गाय 30 एकड़ भूमि के लिए पर्याप्त जैविक खाद देती है। यही सच्ची राष्ट्रभक्ति है। उन्होंने कहा कि जल संसाधनों का संरक्षण, खेती की रक्षा और नशा मुक्ति, यही राष्ट्र की सच्ची सेवा है।

कार्यक्रम के अंत में मुख्यमंत्री ने प्रदेश और देशवासियों को छठ महापर्व की शुभकामनाएं दीं। इससे पूर्व उन्होंने सद्गुरु कबीर पूज्य श्री असंगदेव जी धर्मशला का भूमि पूजन किया।

इस अवसर पर असंग देव जी महाराज, प्रदेश सरकार में मंत्री राकेश सचान, नितिन अग्रवाल, विधायक अमन गिरी, रोमी साहनी, लोकेंद्र प्रताप सिंह, शशांक वर्मा, योगेश वर्मा, विनोद शंकर अवस्थी, मंजू त्यागी, सौरभ सिंह सोनू, महामंडलेश्वर प्रवक्तानंद सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु और संतजन उपस्थित रहे।