फर्रुखाबाद:आत्मनिर्भर भारत संकल्प अभियान के अंतर्गत युवा सम्मेलन संपन्न — स्वदेशी अपनाने पर जोर

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 26 अक्टूबर 2025 आत्मनिर्भर भारत संकल्प अभियान के अंतर्गत आज कायमगंज स्थित रोज गार्डन में एक भव्य युवा सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कानपुर बुंदेलखंड क्षेत्र के अध्यक्ष प्रकाश पाल रहे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता युवा मोर्चा जिला अध्यक्ष मयंक सिंह बुंदेला ने की।

कार्यक्रम की शुरुआत आत्मनिर्भर भारत के संकल्प पत्र का पाठ कर संकल्प दिलाने से हुई। मुख्य अतिथि प्रकाश पाल ने अपने उद्बोधन में युवाओं से स्वदेशी वस्तुओं के प्रयोग का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि “आत्मनिर्भर भारत अभियान तभी सफल होगा जब देश की 140 करोड़ की जनता विदेशी वस्तुओं का मोह छोड़कर स्वदेशी वस्तुएं अपनाएगी।”

उन्होंने आगे कहा कि आज विश्व भारत की बदलती तस्वीर देख रहा है — “जब भारत ने ऑपरेशन सिंदूर में स्वदेशी मिसाइलों से आतंकवाद पर प्रहार किया, तब पूरी दुनिया ने भारत की शक्ति को स्वीकार किया।” उन्होंने बताया कि मोबाइल उद्योग से लेकर रक्षा क्षेत्र तक भारत तेजी से आत्मनिर्भर बन रहा है।

प्रकाश पाल ने विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए कहा कि “कांग्रेस और उसके सहयोगी दल विदेशी मानसिकता के साथ भारत को आत्मनिर्भर बनने से रोकना चाहते हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में 2014 के बाद भारत ने वैश्विक स्तर पर अपनी साख मजबूत की है।”

उन्होंने कहा कि सरकार हर जनपद में स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने का कार्य कर रही है ताकि “स्वदेशी अपनाओ, आत्मनिर्भर बनाओ” अभियान मजबूत हो सके। आने वाले दिनों में इसी क्रम में महिला सम्मेलन का भी आयोजन किया जाएगा ताकि जनपद की महिलाएं भी इस संकल्प अभियान से जुड़ सकें।

जिला अध्यक्ष फतेहचंद वर्मा ने कहा कि “आत्मनिर्भर भारत संकल्प अभियान केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि एक आंदोलन है जो विकसित भारत के निर्माण की नींव रखेगा।” उन्होंने बताया कि संगठन द्वारा हाल ही में आयोजित स्वदेशी मेले में जनपद में निर्मित वस्तुओं को स्टॉल लगाकर प्रदर्शित किया गया, जिससे स्थानीय रोजगार को प्रोत्साहन मिला।

कार्यक्रम में कानपुर बुंदेलखंड क्षेत्र के मंत्री देवेंद्र देव गुप्ता, आलू विपणन संघ के सभापति विमल कटियार, पूर्व राज्य महिला आयोग सदस्य डॉ. मिथिलेश अग्रवाल, जिला महामंत्री डी.एस. राठौर एवं सुनील रावत, क्षेत्रीय मंत्री शशांक शेखर मिश्रा, कार्य समिति सदस्य अनुज राठौर, प्रदेश सह-संयोजक अभिषेक त्रिवेदी, ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि अरुण दुबे, राजेपुर ब्लॉक प्रमुख पल्लव सोमवंशी, नगर पंचायत अध्यक्ष कुंवर जीत सिंह राजपूत सहित कई जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का संचालन अमन अवस्थी ने किया।

कार्यक्रम के अंत में आत्मनिर्भर भारत के लक्ष्य को साकार करने के लिए युवाओं को प्रेरित करने वाला सामूहिक संकल्प लिया गया।