फर्रुखाबाद:नारी सुरक्षा व सशक्तिकरण के लिए कायमगंज पुलिस ने चलाया जागरूकता अभियान

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 25 अक्टूबर 2025 नारी सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन के उद्देश्य से संचालित #MissionShakti5 अभियान के तहत जनपद फतेहगढ़ की कोतवाली कायमगंज पुलिस द्वारा थाना क्षेत्रान्तर्गत महिलाओं एवं बालिकाओं को जागरूक करने हेतु विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया।

इस दौरान महिला पुलिसकर्मियों ने उपस्थित महिलाओं व बालिकाओं को महिला सुरक्षा से जुड़े हेल्पलाइन नंबर 1098, 181, 112, 1090 और 1076 की जानकारी दी तथा बताया कि किसी भी आपात स्थिति या महिला सम्बन्धी अपराध की स्थिति में इन नंबरों पर तुरंत सहायता प्राप्त की जा सकती है।

कार्यक्रम में पुलिस अधिकारियों ने महिलाओं को स्वयं की सुरक्षा के प्रति सजग रहने, आत्मरक्षा के मूलभूत उपाय अपनाने और समाज में अपने अधिकारों को जानने के लिए प्रेरित किया। साथ ही छात्राओं को मिशन शक्ति के तहत चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं एवं कानूनों की जानकारी दी गई।

कोतवाली पुलिस ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। मिशन शक्ति अभियान के माध्यम से समाज के हर वर्ग को महिला सशक्तिकरण के लिए आगे आने का संदेश दिया जा रहा है।