फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 25 अक्टूबर 2025 थाना कादरी गेट में शनिवार को आयोजित ‘थाना समाधान दिवस’ पर जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी एवं पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने संयुक्त रूप से पहुंचकर जनता की समस्याओं को सुना। इस दौरान उन्होंने मौके पर ही कई शिकायतों का निस्तारण कराया तथा शेष मामलों के त्वरित समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
जन-सुनवाई के दौरान विभिन्न गांवों व मोहल्लों से आए शिकायतकर्ताओं ने भूमि विवाद, घरेलू विवाद, शौचालय निर्माण, बिजली, पानी तथा पुलिस से संबंधित समस्याएँ रखीं। जिलाधिकारी ने राजस्व विभाग एवं पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी शिकायतों का गुणवत्ता के साथ शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित किया जाए और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने कहा कि थाना समाधान दिवस का उद्देश्य जनता को त्वरित न्याय प्रदान करना है। उन्होंने थानाध्यक्ष को निर्देश दिए कि थाने में आने वाले प्रत्येक व्यक्ति के साथ सौहार्दपूर्ण व्यवहार करें तथा शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाएं।
इस अवसर पर उपजिलाधिकारी, क्षेत्राधिकारी नगर, राजस्व विभाग के अधिकारी, संबंधित थाना प्रभारी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं नागरिक उपस्थित रहे।
थाना समाधान दिवस प्रशासन और जनता के बीच संवाद का एक प्रभावी माध्यम बनता जा रहा है, जिससे पारदर्शी शासन की दिशा में सकारात्मक बदलाव दिखाई दे रहा है।
