फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 24 अक्टूबर 2025 आज कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी की अध्यक्षता में जिला स्तरीय उद्योग बंधु समिति एवं व्यापार बंधु समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले के औद्योगिक विकास, बैंकिंग सहयोग, अतिक्रमण, सड़क व्यवस्था और व्यापारिक समस्याओं पर विस्तृत चर्चा की गई।
जिलाधिकारी ने कहा कि बैंकों के असहयोग के कारण कई सरकारी योजनाएं सफल नहीं हो पा रही हैं, जिससे जिले की रैंकिंग पर नकारात्मक असर पड़ता है। उन्होंने बैंक प्रतिनिधियों से योजनाओं में अधिक सहयोग देने की अपील की।
औद्योगिक क्षेत्र खिमसेपुर में भूमि आवंटन न होने की शिकायत पर डीएम ने कहा कि एक माह के भीतर सभी उद्यमियों को भूमि आवंटित कर दी जाएगी।
मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास योजना के तहत 58 आवेदन लंबित पाए गए, जिनका शीघ्र निस्तारण करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में यह भी बताया गया कि सरदार पटेल जयंती के अवसर पर जिले में 100 एकड़ भूमि उद्योग हेतु आवंटित की जाने की संभावना है।
UPSIDA द्वारा एक QR कोड प्रणाली भी लागू की गई है, जिसके माध्यम से उद्यमी शिकायत दर्ज कर सकेंगे और संबंधित अधिकारी द्वारा तत्काल निस्तारण किया जाएगा। साथ ही, औद्योगिक क्षेत्र में कैमरे लगाए जाने और इंटीग्रेटेड कमांड सेंटर बनाने की जानकारी दी गई।
दूसरी ओर, जिला व्यापार बंधु समिति की बैठक में शहर की कई समस्याओं पर चर्चा हुई।
व्यापारियों ने बताया कि अतिक्रमण के कारण शहर में लगातार जाम की समस्या बनी रहती है और नगर पालिका द्वारा केवल औपचारिक कार्यवाही की जाती है। इस पर डीएम ने अभियान चलाकर अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए।
व्यापारियों ने यह भी शिकायत की कि रेलवे रोड टूटा हुआ है और बिजली पोल अधूरे हैं, जिससे आवागमन में कठिनाई होती है।
डीएम ने निर्देश दिए कि चौक से लाल गेट तक ई-रिक्शा के आवागमन पर रोक लगाई जाएगी, ताकि यातायात सुचारू रहे।
साथ ही ठंडी सड़क से असगर रोड तक नाले के असमान लेवल को ठीक करने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में यह भी उल्लेख किया गया कि बैंक ऑफ इंडिया की कैश वैन द्वारा सड़क जाम की समस्या उत्पन्न होती है, जिस पर आवश्यक कार्रवाई के आदेश दिए गए।
इसके अलावा, लालसराय में मस्जिद के पीछे नगर पालिका की भूमि पर अतिक्रमण की शिकायत पर डीएम ने तत्काल अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए।
बैठक में जिला स्तरीय अधिकारी, बैंक प्रतिनिधि, उद्यमी और बड़ी संख्या में व्यापारी उपस्थित रहे।
