फर्रुखाबाद:त्यौहारों के मद्देनज़र पुलिस प्रशासन अलर्ट — अपर पुलिस अधीक्षक एवं क्षेत्राधिकारी नगर ने किया पैदल गश्त।

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 23 अक्टूबर 25 आगामी त्यौहारों के दृष्टिगत जनपद में शांति, सुरक्षा एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस प्रशासन सक्रिय हो गया है। इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. संजय सिंह व क्षेत्राधिकारी नगर द्वारा थाना कादरीगेट क्षेत्रांतर्गत प्रमुख बाजारों व मुख्य मार्गों पर पैदल गश्त की गई।

गश्त के दौरान अधिकारियों ने क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया तथा ड्यूटी पर तैनात पुलिस कर्मियों को सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने दुकानदारों व आमजन से भी संवाद स्थापित कर त्यौहारों के दौरान शांति एवं आपसी सौहार्द बनाए रखने की अपील की।

अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. संजय सिंह ने बताया कि त्यौहारों के अवसर पर भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों, बाजारों व धार्मिक स्थलों पर विशेष सतर्कता बरती जा रही है। प्रत्येक थाना प्रभारी को अपने-अपने क्षेत्र में गश्त बढ़ाने, संदिग्ध व्यक्तियों व गतिविधियों पर नजर रखने और जनता की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए हैं।

क्षेत्राधिकारी नगर ने कहा कि पुलिस प्रशासन हर स्तर पर मुस्तैद है और किसी भी प्रकार की अफवाह या असामाजिक गतिविधि पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस की इस गश्त से क्षेत्र के लोगों में सुरक्षा का भरोसा और त्यौहारों को लेकर आत्मविश्वास देखने को मिला।