फर्रुखाबाद:पुलिस स्मृति दिवस 2025: शहीद पुलिस कर्मियों को पुलिस लाइन में दी गई श्रद्धांजलि

फर्रूखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 21 अक्टूबर 2025 आज “पुलिस स्मृति दिवस-2025” के अवसर पर पुलिस लाइन फतेहगढ़ में भावपूर्ण श्रद्धांजलि समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक आरती सिंह सहित जनपद के समस्त वरिष्ठ अधिकारी एवं पुलिसकर्मियों ने कर्तव्यपालन के दौरान अपने प्राण न्योछावर करने वाले पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारियों को नमन करते हुए श्रद्धासुमन अर्पित किए।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अधिकारियों ने शहीदों के अदम्य साहस, कर्तव्यनिष्ठा और देशभक्ति को याद करते हुए कहा कि पुलिस बल के ये वीर जवान समाज में शांति, सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सदैव तत्पर रहते हैं। उन्होंने कहा कि यह दिवस हमें अपने शहीद साथियों के बलिदान को नमन करने और उनके आदर्शों पर चलने की प्रेरणा देता है।

इस दौरान पुलिस बैंड द्वारा शोक धुन बजाई गई और शहीद स्मारक पर पुष्प अर्पित कर दो मिनट का मौन रखा गया। समारोह में अधिकारीगण, जवानों के परिजन व पुलिस परिवार के सदस्य भी मौजूद रहे।