नई दिल्ली:राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने दी देशवासियों को दीवाली की शुभकामनाएं, कहा – “दीप जलाएं, खुशियां बांटें और पर्यावरण का ध्यान रखें”

नई दिल्ली:(द दस्तक 24 न्यूज़) 20 अक्टूबर 2025 दीपावली के पावन अवसर पर भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने देश और विदेश में रह रहे सभी भारतीयों को हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने अपने संदेश में कहा कि दीपावली का यह पर्व अंधकार पर प्रकाश, अज्ञान पर ज्ञान और अधर्म पर धर्म की विजय का प्रतीक है।

राष्ट्रपति ने कहा कि दीपावली भारत का एक प्रमुख और लोकप्रिय त्योहार है, जिसे देश के विभिन्न हिस्सों में उत्साहपूर्वक मनाया जाता है। यह त्योहार प्रेम, भाईचारे और एकता का संदेश देता है। इस दिन लोग मां लक्ष्मी की पूजा करते हैं और सुख-समृद्धि की कामना करते हैं।

अपने संदेश में राष्ट्रपति ने कहा कि दीपावली आत्मचिंतन और आत्मशुद्धि का भी अवसर है। जैसे दीपावली पर एक दीपक से अनेक दीपक प्रज्वलित होते हैं, वैसे ही हमें समाज के गरीब और जरूरतमंद लोगों की सहायता कर उनके जीवन में खुशहाली लाने का प्रयास करना चाहिए।

उन्होंने सभी नागरिकों से अपील की कि वे इस पर्व को पर्यावरण संरक्षण का ध्यान रखते हुए सुरक्षित तरीके से मनाएं। राष्ट्रपति ने आशा व्यक्त की कि यह दीपावली सभी के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि लेकर आए।