फर्रुखाबाद:मिशन शक्ति टीम ने दिखाई मानवीय संवेदनशीलता: सड़क पर मिली बेहोश बुजुर्ग महिला की जान बचाई

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 19 अक्टूबर 2025 थाना कादरीगेट क्षेत्र की मिशन शक्ति टीम ने आज अपने कर्तव्यनिष्ठ और संवेदनशील रवैये का परिचय देते हुए एक सराहनीय कार्य किया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, डॉ० राम मनोहर लोहिया अस्पताल, फर्रुखाबाद के बाहर सड़क पर एक बुजुर्ग महिला बेहोशी की अवस्था में पड़ी मिलीं।

घटना की सूचना मिलते ही मिशन शक्ति टीम थाना कादरीगेट तुरंत मौके पर पहुंची और मानवीय संवेदनशीलता दिखाते हुए बुजुर्ग महिला को प्राथमिक उपचार हेतु अस्पताल की इमरजेंसी यूनिट में भर्ती कराया। टीम की त्वरित कार्यवाही के कारण समय पर चिकित्सीय सहायता मिल सकी और बुजुर्ग महिला की जान बचाई जा सकी।

मिशन शक्ति टीम का यह कदम न केवल प्रशासन की सतर्कता और सेवा भावना को दर्शाता है, बल्कि समाज में “नारी सुरक्षा, नारी सम्मान और नारी स्वावलंबन” के मिशन को सशक्त रूप से आगे बढ़ाने का भी उदाहरण प्रस्तुत करता है।

स्थानीय नागरिकों ने मिशन शक्ति टीम की इस त्वरित और संवेदनशील कार्यवाही की भूरी-भूरी प्रशंसा की है और इसे समाज में मानवीयता का उत्कृष्ट उदाहरण बताया है।