फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 17 अक्टूबर 2025 अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. संजय सिंह ने पुलिस लाइन्स सभागार कक्ष में जनपद के सभी बैंकों के शाखा प्रबंधकों एवं बैंक कर्मियों के साथ एक महत्वपूर्ण गोष्ठी का आयोजन किया। इस बैठक में जनपद की लगभग सभी बैंकों के प्रतिनिधियों ने प्रतिभाग किया।
गोष्ठी में एएसपी ने आगामी दीपावली त्योहार के दृष्टिगत बैंक शाखाओं की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने बैंक परिसरों में लगे सीसीटीवी कैमरों, अलार्म सिस्टम और सुरक्षा गार्डों की उपस्थिति व सतर्कता की जानकारी ली और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। साथ ही, साइबर अपराधों से बचाव को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। एएसपी ने बैंक कर्मियों से कहा कि सभी ग्राहक खातों की KYC प्रक्रिया को सही व सटीक तरीके से पूर्ण करें, ताकि किसी भी प्रकार की धोखाधड़ी की संभावना न रहे।
बैठक में महिला सुरक्षा एवं सशक्तिकरण के लिए चलाए जा रहे “मिशन शक्ति 5.0” अभियान पर भी विशेष रूप से चर्चा की गई। एएसपी ने बैंक कर्मियों से आग्रह किया कि वे महिला ग्राहकों को मिशन शक्ति के तहत उपलब्ध सुरक्षा व सहायता उपायों की जानकारी दें और उन्हें जागरूक करें। अंत में एएसपी डॉ. सिंह ने सभी बैंक प्रतिनिधियों से कहा कि पुलिस-प्रशासन और बैंकिंग सेक्टर के बीच समन्वय बनाकर ही जनपद में सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाया जा सकता है।
