फर्रुखाबाद में खाद विभाग की छापेमारी से मचा हड़कंप, खराब मिठाई बरामद, मौके पर कराया नष्ट

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 16 अक्टूबर 2025 त्योहारों के सीजन में मिलावटी खाद्य पदार्थों पर अंकुश लगाने के लिए खाद विभाग की टीम ने शुक्रवार को अचानक छिबरामऊ रोड, थाना जहानगंज क्षेत्र में छापेमारी की। इस दौरान विभागीय टीम ने मिठाई प्रतिष्ठानों की जांच की तो कई अनियमितताएं पाई गईं।

टीम ने सरोजनी देवी के प्रतिष्ठान से रसगुल्ला तथा संजीव कुमार के लोचन छेना भंडार से छेना के नमूने संकलित किए। सभी नमूनों को आगे की जांच हेतु खाद प्रयोगशाला भेजा गया है। जांच के दौरान लोचन छेना भंडार पर रखे लगभग 50 किलोग्राम छेना, जिसकी कीमत करीब ₹12,500 बताई गई, खराब पाया गया। वहीं सरोज देवी की दुकान पर रखे 25 किलोग्राम रसगुल्ले, मूल्य लगभग ₹2,500, भी मानक के अनुरूप नहीं पाए गए।

खाद विभाग की टीम ने दोनों प्रतिष्ठानों पर मौके पर ही खराब मिठाई को नष्ट कराया और दुकानदारों को चेतावनी दी कि भविष्य में यदि दोबारा ऐसी लापरवाही पाई गई तो उनके विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों ने बताया कि त्योहारों के मद्देनज़र जिलेभर में मिलावटी व असुरक्षित खाद्य पदार्थों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया जा रहा है, और आगे भी ऐसी छापेमारी की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।