फर्रुखाबाद:मिशन शक्ति अभियान 5.0 के तहत बालिका इंटर कॉलेज वनखड़िया में बालिकाओं को किया गया जागरूक।

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 16 अक्टूबर 2025 महिला कल्याण विभाग द्वारा मिशन शक्ति अभियान 5.0 के अंतर्गत आज बालिका इंटर कॉलेज वन खड़िया में जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन जिलाधिकारी महोदय, मुख्य विकास अधिकारी महोदय एवं जिला प्रोबेशन अधिकारी के मार्गदर्शन में किया गया।

कार्यक्रम में जेंडर स्पेशलिस्ट निर्मला राजपूत ने छात्राओं को उनके अधिकारों और सुरक्षा के प्रति जागरूक करते हुए बताया कि यदि किसी भी बालिका या महिला के साथ कोई अप्रिय घटना घटती है तो वह तत्काल टोल फ्री नंबर 112 पर कॉल कर सहायता प्राप्त कर सकती हैं। साथ ही उन्होंने मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना, स्पॉन्सरशिप योजना तथा चाइल्ड लाइन (1098) के बारे में भी जानकारी दी।

सेंटर मैनेजर पूजा ने छात्राओं को वन स्टॉप सेंटर की सेवाओं से परिचित कराया और बताया कि यह केंद्र महिलाओं और बालिकाओं को कानूनी, चिकित्सा एवं परामर्श सहायता प्रदान करता है।

कार्यक्रम में सीओ सिटी ऐश्वर्या उपाध्याय ने साइबर क्राइम से जुड़ी जानकारी देते हुए बालिकाओं को सोशल मीडिया पर सुरक्षित रहने के उपाय बताए। उन्होंने कहा कि ऑनलाइन ठगी, फेक अकाउंट और साइबर बुलिंग जैसी घटनाओं से सतर्क रहना जरूरी है।

इस अवसर पर रक्षा सिंह (SHO महिला थाना), महिला आरक्षीगण, प्रधानाचार्य नीतू मसीह एवं विद्यालय का समस्त स्टाफ मौजूद रहा। कार्यक्रम का उद्देश्य बालिकाओं में आत्मविश्वास, सुरक्षा भावना और अधिकार जागरूकता को बढ़ावा देना था, जिससे वे समाज में सशक्त भूमिका निभा सकें।