फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 16 अक्टूबर 2025 दिन गुरुवार को फतेहगढ़ स्थित ब्रह्मदत्त द्विवेदी स्टेडियम में भाजपा सांसद मुकेश राजपूत ने पत्रकार वार्ता आयोजित की। उन्होंने बताया कि लोकसभा फर्रुखाबाद क्षेत्र में “सांसद खेल महोत्सव” का भव्य आयोजन किया जा रहा है, जिसका उद्देश्य युवाओं, खिलाड़ियों, दिव्यांगजन एवं वरिष्ठ नागरिकों में खेल के प्रति उत्साह और सहभागिता को बढ़ावा देना है।
सांसद राजपूत ने बताया कि खेल महोत्सव के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन के माध्यम से अब तक कुल 6314 प्रतिभागियों ने पंजीकरण कराया है। इनमें अलीगंज विधानसभा से – 105 प्रतिभागी, कायमगंज से – 1675 प्रतिभागी, अमृतपुर से – 886 प्रतिभागी, फर्रुखाबाद सदर से – 2451 प्रतिभागी, भोजपुर से – 1197 प्रतिभागी शामिल हैं। इसके अलावा खिलाड़ी ऑफलाइन माध्यम से भी अपनी विधानसभा क्षेत्र में रजिस्ट्रेशन करा सकते हैं।
सांसद ने बताया कि सांसद खेल महोत्सव 17 अक्टूबर से प्रारंभ होकर 21 दिसंबर तक आयोजित किया जाएगा, जिसमें खो-खो, कबड्डी, वॉलीबॉल, बैडमिंटन, एथलेटिक्स, मैराथन एवं क्रिकेट जैसे विभिन्न खेल आयोजित होंगे। वरिष्ठ जनों के लिए रस्सा-कस्सी और पैदल दौड़ जैसे खेलों का भी समावेश किया गया है।
उन्होंने कहा कि भारत विश्व की दूसरी सबसे बड़ी आबादी वाला देश है, परंतु खेल पदकों के मामले में चीन जैसे देशों से अभी पीछे है। ऐसे में केंद्र सरकार द्वारा सांसद खेल महोत्सव जैसे आयोजनों से ग्रामीण और स्थानीय खिलाड़ियों को प्रोत्साहन मिल रहा है। यह आयोजन ब्लॉक, ग्राम एवं विधानसभा स्तर पर छिपी हुई खेल प्रतिभाओं को आगे लाने का अवसर देगा, ताकि वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का नाम रोशन कर सकें।
भाजपा जिला अध्यक्ष फतेहचंद वर्मा ने बताया कि संसदीय क्षेत्र में खेल एवं फिटनेस फेस्टिवल के रूप में यह आयोजन किया जा रहा है। इसमें ओपन प्रतियोगिताओं के माध्यम से स्थानीय प्रतिभाओं को मंच मिलेगा, नमो फिट इंडिया लीडर्स की पहचान होगी और परंपरागत खेलों को बढ़ावा देने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
इसके लिए जिला मंत्री अमरदीप दीक्षित को लोकसभा क्षेत्र का संयोजक नियुक्त किया गया है।
इस अवसर पर जिला उपाध्यक्ष रश्मि दुबे, जिला उपाध्यक्ष वीरेंद्र कठेरिया, जिला मंत्री अमरदीप दीक्षित, जिला क्रीड़ा अधिकारी कर्मवीर सिंह यादव, जिला मीडिया प्रभारी शिवांग रस्तोगी और पिछड़ा मोर्चा जिला महामंत्री कृष्ण मुरारी राजपूत सहित कई पदाधिकारी उपस्थित रहे।
सांसद खेल महोत्सव युवाओं की ऊर्जा, प्रतिभा और खेल भावना का महापर्व है, जिसका उद्देश्य जनपद के हर कोने में खेलों के प्रति जागरूकता और सहभागिता को बढ़ावा देना है।
