बिहार : सीट शेयरिंग से उपेंद्र कुशवाहा नाराज, शाह से मिलने दिल्ली रवाना

एनडीए में भले ही आनन-फानन में सीटें बांट ली गई हो किंतु सीटों को लेकर दलों के भीतर खींचतान अब खुलकर सामने आने लगी है। सीट बंटवारे की घोषणा के बाद सहयोगी दलों के बीच असंतोष गहराता जा रहा है।

सर्वाधिक नाराजगी उपेंद्र कुशवाहा की ओर से सामने आई है। कुशवाहा ने एनडीए के उम्मीदवारों के नामांकन का बहिष्कार करने की घोषणा तक कर दी है। यही नहीं ताजा अपडेट है कि बुधवार यानी आज होने वाली बैठक स्थगित कर कुशवाहा दिल्ली प्रस्थान कर गए हैं।

दिल्ली में अमित शाह से मुलाकात करेंगे। दरअसल रालोमो के खाते की महुआ सीट लोजपा (आर) जबकि दिनारा जदयू के खाते में जाने की सूचना है। जिसपर पार्टी ने कड़ा एतराज जताया है। रालोमो ने अपने नेताओं, कार्यकर्ताओं से कहा है कि भाजपा सहित एनडीए के किसी प्रत्याशी के नामांकन में शामिल नहीं हों।

दरअसल एनडीए में सीट बंटवारे की घोषणा के बाद रालामो की ओर से सभी छह सीटों पर प्रत्याशी भी तय कर लिये गये थे और उम्मीदवारों को इसकी सूचना भी दे दी गई थी। लेकिन मंगलवार शाम इस पार्टी को सूचना मिली कि महुआ सीट लोजपा (आर) जबकि दिनारा सीट जदयू के खाते में अब दी जा रही है।

पार्टी महुआ सीट से उपेन्द्र कुशवाहा के पुत्र दीपक कुशवाहा जबकि दिनारा से आलोक सिंह को मैदान में उतारने वाली थी। लेकिन सीटों में बदलाव होने से इस दल ने तीखी प्रतिक्रया देते हुए अपने नेताओं को एनडीए प्रत्याशियों के नामांकन से दूर रहने का फरमान जारी कर दिया है।

एनडीए में घमासान पर कुशवाहा ने मीडिया के सामने कहा कि “नथिंग इज वेल इन एनडीए।” अब खबर है कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने उन्हें दिल्ली बुलाया है। जिसके लिए वे दिल्ली निकल गए हैं। कुशवाहा ने बुधवार को अपनी पार्टी की आपात बैठक बुलाई थी, जो दोपहर करीब 12 बजे पटना स्थित पार्टी कार्यालय में होने वाली थी।