फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 14 अक्टूबर 2025 कलेक्ट्रेट सभागार फतेहगढ़ में जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी की अध्यक्षता में ₹1 करोड़ से अधिक लागत वाली निर्माणाधीन परियोजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद की कुल 77 निर्माणाधीन योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी ने समीक्षा के दौरान यू.पी. प्रोजेक्ट कॉरपोरेशन लिमिटेड कानपुर द्वारा लोहिया अस्पताल में 50 शैय्या क्रिटिकल यूनिट का कार्य समय पर पूरा न करने पर कड़ी नाराज़गी व्यक्त की और संबंधित संस्था के खिलाफ शासन को रिपोर्ट भेजने के निर्देश दिए।
इसी प्रकार पर्यटन विभाग के कार्यों की गुणवत्ता खराब पाए जाने पर भी जिलाधिकारी ने नाराज़गी जताई और पर्यटन निगम के खिलाफ भी शासन को पत्र लिखने के निर्देश दिए।
यू.पी. सी.एल.डी.एफ. द्वारा बनाए जा रहे गौ संरक्षण केंद्र पचरौली एवं अन्य निर्माण कार्यों की धीमी प्रगति पर भी असंतोष व्यक्त किया गया। वहीं यू.पी. आर.एन.एस.एस. लिमिटेड को अपने निर्माण कार्यों की गति तेज करने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि पूर्ण हो चुके सभी कार्यों को नियमानुसार हैंडओवर किया जाए तथा निर्माण कार्यों में मानक एवं गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने कहा कि सभी अभियंता अपने-अपने प्रोजेक्ट का नियमित निरीक्षण करें और किसी भी समस्या की स्थिति में तत्काल अवगत कराएं।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी विनोद कुमार गौड़, जिला विकास अधिकारी श्याम कुमार तिवारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
