फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 14 अक्टूबर 2025 जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी की अध्यक्षता में सीएम डैशबोर्ड के विकास कार्यों की जुलाई माह की समीक्षा बैठक कलेक्ट्रेट सभागार फतेहगढ़ में आयोजित की गई। बैठक में बताया गया कि जनपद की समग्र रैंकिंग 26 रही है।
बैठक में कुल 29 विभागों की 65 योजनाओं की समीक्षा की गई। समीक्षा के दौरान कई विभागों का प्रदर्शन संतोषजनक नहीं पाया गया। विशेष रूप से विद्युत विभाग, ग्राम्य विकास विभाग, प्राथमिक शिक्षा विभाग, उद्योग विभाग, और पर्यटन विभाग की रैंकिंग सबसे खराब श्रेणी में दर्ज की गई।
विद्युत विभाग की ग्रामीण विद्युत आपूर्ति में रैंक 70, ग्राम्य विकास विभाग के डीएनआरएलएम आरएफसीआईएफ कार्यक्रम में रैंक 42, प्राथमिक शिक्षा विभाग के मध्यान्ह भोजन व विद्यार्थियों की उपस्थिति में रैंक 65, उद्योग विभाग के ओडीओपी वित्त पोषण योजना में रैंक 65, पंचायती राज विभाग की 15वें वित्त आयोग ग्राम पंचायत योजना में रैंक 42, स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) फेज-2 में रैंक 45, जल जीवन मिशन में रैंक 58 (सी श्रेणी), कृषि विभाग की पीएम किसान सम्मान निधि में रैंक 30, ग्रामीण अभियंत्रण विभाग की सड़क निर्माण योजना में रैंक 39, चिकित्सा विभाग की टेली रेडियोलॉजी सेवा में रैंक 50, पर्यटन विभाग की राज्य योजना में रैंक 66, पीडब्ल्यूडी की नई सड़कों के निर्माण योजना में रैंक 36 रही।
जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी ने खराब प्रदर्शन करने वाले विभागों के अधिकारियों पर कड़ी नाराजगी जताई और अगले माह की रैंकिंग में सुधार के सख्त निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शासन की प्राथमिक योजनाओं में लापरवाही किसी भी दशा में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी विनोद कुमार गौड़, पीडी डीआरडीए, जिला विकास अधिकारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
