फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 13 अक्टूबर 2025 जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी की अध्यक्षता में आज कलेक्ट्रेट सभागार फतेहगढ़ में विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान एवं दस्तक अभियान की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में संबंधित विभागों की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की गई तथा जिलाधिकारी ने अभियान की गति पर असंतोष व्यक्त करते हुए कई आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक में बताया गया कि माध्यमिक शिक्षा विभाग द्वारा अभी तक अपेक्षाकृत कम रैलियों का आयोजन किया गया है। वहीं, ड्रेनेज क्लीनिंग के कार्य में मोहम्मदाबाद और कमालगंज की प्रगति संतोषजनक नहीं पाई गई। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि अगले सप्ताह तक ड्रेनेज सफाई कार्य पूर्ण कर लिया जाए।
इसके अलावा, नगर पंचायत कमालगंज में फॉगिंग और क्लीनिंग कार्यों में कमी पाई गई, जिस पर जिलाधिकारी ने नाराज़गी जताई और तत्काल सुधार के निर्देश दिए।
आईसीडीएस विभाग की समीक्षा में बताया गया कि चिन्हित 23 कुपोषित बच्चों में से 11 बच्चों को एनआरसी वार्ड में भर्ती कराया गया है। जिलाधिकारी ने शेष बच्चों को भी शीघ्र उपचार हेतु भर्ती कराने के निर्देश दिए।
दस्तक अभियान की समीक्षा में कायमगंज क्षेत्र को ओरिएंटेशन में पिछड़ा पाया गया। इस पर जिलाधिकारी ने अधिकारियों को अभियान की गुणवत्ता सुधारने के निर्देश दिए ताकि प्रत्येक परिवार तक संचारी रोगों की रोकथाम से संबंधित जानकारी समय पर पहुंच सके।
बैठक में अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ अवनींद्र कुमार सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों से कहा कि संचारी रोगों की रोकथाम जनहित से जुड़ा विषय है, इसलिए समन्वय और सक्रियता के साथ कार्य करें, ताकि जनपद में डेंगू, मलेरिया, चिकनगुनिया जैसे रोगों की रोकथाम प्रभावी रूप से की जा सके।
