फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 13 अक्टूबर 2025 मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार यू०पी० इंटरनेशनल ट्रेड शो-2025 की तर्ज पर जनपद फर्रुखाबाद में चल रहे जनपद स्तरीय ट्रेड शो-2025 (स्वदेशी मेला) के पांचवें दिन क्रिश्चियन कॉलेज ग्राउंड में ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों से आई भारी भीड़ ने मेले की रौनक बढ़ा दी। दीपावली से जुड़ी वस्तुओं — जैसे दीये, सजावट का सामान, उपहार सामग्री आदि — की जमकर खरीदारी की गई।
आज मेले का अवलोकन करने पहुंचे भाजपा जिला अध्यक्ष श्री फतेहचन्द्र वर्मा, संयोजक श्री डी०एस० राठौर (जिला महामंत्री), सह संयोजक श्री अमरदीप दीक्षित तथा महिला मोर्चा भाजपा की पदाधिकारीगण ने विभिन्न स्टालों का भ्रमण किया और स्वदेशी उत्पादों की खरीदारी कर स्थानीय उद्यमियों का उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम में लगभग 1050 लोगों ने प्रतिभाग किया। इस अवसर पर उपायुक्त उद्योग द्वारा अनुसूचित जाति/जनजाति योजनाओं एवं अन्य पिछड़ा वर्ग योजना के लाभार्थियों को प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। साथ ही मंच पर एक भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन हुआ, जिसमें जनपद के प्रसिद्ध कलाकार श्री शशिकान्त पाण्डेय एवं उनकी टीम ने ब्रज होली की रंगीन प्रस्तुति दी, जबकि श्री नवीन मिश्रा ने लोक कला से सजी सांस्कृतिक प्रस्तुति देकर दर्शकों का मन मोह लिया। उपस्थित ग्रामीणों एवं महिला मोर्चा की सदस्यों ने भी नृत्य कर कार्यक्रम का आनंद उठाया।
उपायुक्त उद्योग ने जानकारी दी कि कल दिनांक 14 अक्टूबर 2025 को मेले में कृषि उत्पादों पर विशेष संगोष्ठी का आयोजन होगा। साथ ही फर्रुखाबाद के प्रसिद्ध कलाकार श्री सुरेन्द्र पाण्डेय द्वारा दोपहर 12:00 बजे से “हरिश्चन्द्र नाटक” का मंचन किया जाएगा। उन्होंने जनपद के सभी ब्लॉक क्षेत्रों से किसानों, व्यापारियों एवं नागरिकों से अपील की कि वे इस जनपद स्तरीय स्वदेशी मेले-2025 में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर कार्यक्रम की शोभा बढ़ाएं।
