फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 13 अक्टूबर 2025 कलेक्ट्रेट सभागार फर्रुखाबाद में आज युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल विभाग के तत्वाधान में मिशन शक्ति 5.0 के अंतर्गत एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में जनपद के 82 युवक मंगल दल एवं महिला मंगल दल की सक्रिय भागीदारी रही। इसके साथ ही पीआरडी जवान, पुलिस कर्मी एवं खिलाड़ी भी कार्यक्रम में शामिल हुए।
कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाधिकारी श्री आशुतोष कुमार द्विवेदी ने की। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी श्री अरविंद कुमार गौड़, जिला प्रोबेशन अधिकारी श्री अनिल चंद्र, जिला क्रीड़ा अधिकारी श्री कर्मवीर सिंह, सीओ सिटी, प्रभारी जिला युवा कल्याण अधिकारी श्री जीतू, क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी श्री पुष्पेंद्र सिंह, अनुराग एवं शुभम सिंह सहित कई अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
कार्यक्रम के दौरान मा० मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी द्वारा मिशन शक्ति से संबंधित ऑनलाइन कार्यक्रम के प्रसारण को सभी उपस्थित लोगों ने बड़े उत्साह से देखा। जिलाधिकारी ने मिशन शक्ति के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह अभियान महिलाओं और युवाओं को सशक्त बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम है।
कार्यक्रम में प्रतिभागियों ने आत्मरक्षा, जागरूकता एवं सामाजिक उत्तरदायित्व जैसे विषयों पर विशेष चर्चा की। अंत में अधिकारियों ने उपस्थित युवक व महिला मंगल दल के सदस्यों को समाज में जनजागरूकता फैलाने और महिला सशक्तिकरण के संदेश को जन-जन तक पहुँचाने का आह्वान किया।
