फर्रुखाबाद:अनियमितता के आरोप में फैजबाग चौकी इंचार्ज निलंबित, एसपी ने की सख्त कार्रवाई

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 10 अक्टूबर 2025 जिले की पुलिस व्यवस्था में अनुशासन बनाये रखने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने सख्त कदम उठाया है। उन्होंने फैजबाग चौकी इंचार्ज जितेंद्र कुमार को अनियमितता बरतने और अवैध वसूली के आरोप में निलंबित कर दिया है।

सूत्रों के अनुसार, चौकी इंचार्ज जितेंद्र कुमार पर आरोप था कि उन्होंने खनन से जुड़े वाहनों की चेकिंग के नाम पर अवैध रूप से रूपयों की वसूली की। इस मामले में शिकायत मिलने के बाद एसपी ने जांच के निर्देश दिए थे।

मामले की जांच क्षेत्राधिकारी कायमगंज राजेश कुमार द्विवेदी को सौंपी गई थी। उन्होंने अपनी जांच रिपोर्ट में शिकायत को सही पाया और पूरी रिपोर्ट एसपी को सौंप दी।

जांच रिपोर्ट के आधार पर पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने चौकी इंचार्ज के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की।

इस संबंध में थानाध्यक्ष शमशाबाद रमेश सिंह ने बताया कि उप निरीक्षक जितेंद्र कुमार को निलंबित कर पुलिस लाइन रवाना कर दिया गया है।

पुलिस अधीक्षक की इस कार्रवाई से पुलिस विभाग में सख्ती और जवाबदेही का संदेश गया है। बताया जा रहा है कि एसपी ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि किसी भी अधिकारी-कर्मचारी द्वारा भ्रष्टाचार या अवैध वसूली बर्दाश्त नहीं की जाएगी।