फर्रुखाबाद: दीपावली पर्व पर आतिशबाजी हेतु सुरक्षा दिशा-निर्देश ,डीएम व एसपी ने की गोष्ठी

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 10 अक्टूबर 2025 आगामी दीपावली पर्व को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में सम्पन्न कराने के उद्देश्य से आज कलेक्ट्रेट सभागार कक्ष में जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी एवं पुलिस अधीक्षक आरती सिंह की संयुक्त अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण गोष्ठी आयोजित की गई।

बैठक में परम्परागत रूप से प्रयोग की जाने वाली आतिशबाजी को जनसुरक्षा की दृष्टि से नियंत्रित एवं सुरक्षित ढंग से सम्पन्न कराने के लिए विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए गए। जिलाधिकारी ने कहा कि आतिशबाजी केवल खुले मैदानों में, आबादी क्षेत्र से बाहर, टीनशेड लगाकर की जाएगी, जिससे किसी प्रकार की दुर्घटना या आगजनी की संभावना न रहे।

साथ ही यह भी निर्देश दिए गए कि आतिशबाजी के संचालन हेतु आयुध अधिनियम में निर्दिष्ट प्राविधानों के अंतर्गत ही अस्थायी आतिशबाजी परमिट निर्गत किए जाएंगे। बिना परमिट के कोई भी व्यक्ति या व्यापारी आतिशबाजी का भंडारण या विक्रय नहीं कर सकेगा।

पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने बताया कि सभी थानाध्यक्ष अपने-अपने क्षेत्रों में निगरानी रखेंगे तथा सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करेंगे। आमजन से अपील की गई कि वे केवल अधिकृत स्थलों पर ही आतिशबाजी करें और किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।

जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी ने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य पर्व को खुशी और सुरक्षा के साथ मनाना है। नियमों का पालन करते हुए सभी लोग दीपावली का उत्सव शांति और सौहार्द के साथ मनाएं।