कासगंज: दिव्यांग सहायता उपकरणों हेतु मेजरमेंट शिविर का हुआ आयोजन

कासगंज।
एलिम्को कानपुर एवं समेकित शिक्षा कासगंज के सामूहिक सौजन्य से परिषदीय प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालयों में अध्ययनरत दिव्यांग विद्यार्थियों हेतु मेजरमेंट शिविर का आयोजन गुरुवार को ब्लॉक संसाधन केंद्र गोरहा सोरों जी पर किया गया। इस कैंप में एलिम्को कानपुर के कुशल डॉक्टर्स की टीम द्वारा बच्चों की जांच की गई। जांचोपरांत अब तक दो शिविरों ने कुल 190 पात्र दिव्यांग बच्चों को व्हील चेयर, ट्राई साइकिल, बैसाखी, सुगम्य केन, हियरिंग ऐड आदि विभिन्न प्रकार के निःशुल्क सहायता उपकरण हेतु चिह्नित किया गया। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी सूर्य प्रताप सिंह ने बताया कि इससे पूर्व दिनांक 8 नवंबर को पहला शिविर ब्लॉक संसाधन केंद्र सिढ़पुरा पर आयोजित हुआ था जिसमें उपस्थित 80 बच्चों में से 75 दिव्यांग बच्चे सहायता उपकरणों हेतु चिह्नित किए गए। वहीं गुरुवार को आयोजित हुए शिविर में उपस्थित 148 बच्चों के सापेक्ष 115 बच्चे चिह्नित किए गए। शिविर में एलिम्को कानपुर के डॉक्टर पिंटू सिंह, समेकित शिक्षा के प्रभारी जिला समन्वयक गौरव शाक्य, विशेष शिक्षक सुशील कुमार पटेल सहित बड़ी संख्या ने परिषदीय स्कूलों के बच्चे मौजूद रहे।