फर्रुखाबाद:मान्यवर कांशीराम जी को भारत रत्न देने की मांग — जन अधिकार पार्टी ने राष्ट्रपति को भेजा ज्ञापन

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 09 अक्टूबर 2025 आज जन अधिकार पार्टी के संस्थापक एवं वर्तमान सांसद माननीय बाबू सिंह कुशवाहा जी तथा राष्ट्रीय अध्यक्ष माननीय शिवकन्या कुशवाहा जी के निर्देशन में प्रदेशभर में प्रदेश स्तरीय ज्ञापन अभियान चलाया गया। इसी क्रम में जिला फर्रुखाबाद में पार्टी पदाधिकारियों द्वारा जिलाधिकारी महोदय को महामहिम राष्ट्रपति, भारत सरकार को संबोधित एक ज्ञापन सौंपा गया।

ज्ञापन के माध्यम से पार्टी ने बहुजन नायक मान्यवर कांशीराम जी को भारत रत्न सम्मान दिए जाने की मांग की। पार्टी का कहना है कि कांशीराम जी ने सामाजिक न्याय, समानता और दलित-पिछड़ों के उत्थान के लिए अपना सम्पूर्ण जीवन समर्पित कर दिया। उन्होंने भारतीय राजनीति में वंचित वर्गों को नई दिशा और पहचान दी।

इस अवसर पर जन अधिकार पार्टी के जिला अध्यक्ष कैप्टन प्रभात शाक्य ने कहा — “मान्यवर कांशीराम जी ने जिस त्याग और संघर्ष के साथ समाज के वंचित तबके को राजनीतिक शक्ति दी, वह अतुलनीय है। राष्ट्रहित में यह उचित होगा कि उन्हें मरणोपरांत भारत रत्न से सम्मानित किया जाए।” कार्यक्रम में अनेक पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे जिन्होंने कांशीराम जी की पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।