फर्रुखाबाद:मिशन शक्ति अभियान के तहत एंटी रोमियो टीम ने महिलाओं व बालिकाओं को किया जागरूक

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 08 अक्टूबर 2025 मिशन शक्ति अभियान के तहत महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा एवं जागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से थाना मऊदरवाजा की एंटी रोमियो टीम द्वारा ग्राम पंचायत आवाजपुर नट नंगला, चौकी क्षेत्र बीबीगंज में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।

कार्यक्रम के दौरान थानाध्यक्ष एवं एंटी रोमियो टीम ने महिलाओं और बालिकाओं से संवाद करते हुए उन्हें मिशन शक्ति अभियान फेस 5.0 की जानकारी दी। टीम ने छात्राओं और महिलाओं को महिला सुरक्षा से संबंधित हेल्पलाइन नंबरों (1090, 181, 112, 1076 आदि) की जानकारी देते हुए किसी भी प्रकार की छेड़छाड़ या उत्पीड़न की स्थिति में तुरंत पुलिस से संपर्क करने की अपील की।

थानाध्यक्ष ने बताया कि पुलिस प्रशासन महिलाओं की सुरक्षा के प्रति पूरी तरह संवेदनशील है और एंटी रोमियो टीम लगातार क्षेत्र में सक्रिय है। उन्होंने कहा कि “हर लड़की को निडर होकर अपने अधिकारों की रक्षा करनी चाहिए, पुलिस हमेशा उनके साथ है।”

इस मौके पर उपस्थित महिलाओं और छात्राओं ने पुलिस टीम का आभार व्यक्त किया और समाज में महिला सम्मान एवं सुरक्षा की दिशा में सहयोग करने का संकल्प लिया।

 मिशन शक्ति अभियान फेस 5.0 के तहत जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में इस प्रकार के कार्यक्रम निरंतर आयोजित किए जा रहे हैं ताकि महिलाओं को आत्मनिर्भर, सुरक्षित और जागरूक बनाया जा सके।