नई दिल्ली:रेल यात्रियों को बड़ी सौगात: अब कन्फर्म टिकट की तारीख भी बदली जा सकेगी, जनवरी 2026 से लागू होगी नई सुविधा

नई दिल्ली:(द दस्तक 24 न्यूज़) 08 अक्टूबर 2025 भारतीय रेल ने यात्रियों की सुविधा को देखते हुए एक बड़ी घोषणा की है। अब यात्रियों को अपनी यात्रा की कन्फर्म टिकट की तारीख बदलने की सुविधा मिलेगी। इस नई व्यवस्था में किसी भी यात्री को टिकट की तारीख बदलने पर कोई अतिरिक्त शुल्क नहीं देना होगा।

रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के निर्देश पर यह सुविधा जनवरी 2026 से पूरे देश में लागू की जाएगी। अब तक यात्रियों को यात्रा की तारीख बदलने के लिए टिकट रद्द कर नया टिकट बुक कराना पड़ता था, जिससे कई बार अतिरिक्त खर्च और परेशानी होती थी। लेकिन अब यह झंझट खत्म हो जाएगा।

रेलवे सूत्रों के मुताबिक, नई तारीख में यदि संबंधित ट्रेन में सीटें खाली होंगी तो टिकट कन्फर्म रहेगा, जबकि सीटें फुल होने की स्थिति में वेटिंग टिकट जारी किया जाएगा। इससे यात्रियों को टिकट कैंसिलेशन के झंझट से राहत मिलेगी और यात्रा योजनाओं में लचीलापन बढ़ेगा।

रेल मंत्रालय ने इस सुविधा को डिजिटल टिकटिंग सिस्टम के साथ एकीकृत करने की तैयारी शुरू कर दी है। यात्री IRCTC वेबसाइट या मोबाइल ऐप के माध्यम से अपनी यात्रा की तारीख बदल सकेंगे।

रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि— “हमारा उद्देश्य यात्रियों को अधिकतम सुविधा और लचीलापन देना है। तकनीक के माध्यम से रेलवे को आधुनिक और यात्री-केंद्रित बनाना हमारी प्राथमिकता है।”

इस नई सुविधा से प्रतिदिन यात्रा करने वाले लाखों यात्रियों को राहत मिलेगी, विशेषकर उन लोगों को जिनकी यात्रा योजनाएँ अचानक बदल जाती हैं।

मुख्य बिंदु:

कन्फर्म टिकट की तारीख अब बदली जा सकेगी, कोई अतिरिक्त शुल्क नहीं देना होगा, नई तारीख में सीट खाली होगी तो कन्फर्म, नहीं तो वेटिंग, सुविधा जनवरी 2026 से लागू, IRCTC वेबसाइट व ऐप पर उपलब्ध होगी सुविधा।

यह कदम भारतीय रेल के “डिजिटल और स्मार्ट ट्रैवल सिस्टम” की दिशा में एक और बड़ा सुधार माना जा रहा है।