फर्रुखाबाद:राजकीय पुस्तकालय बनेगा डिजिटल लाइब्रेरी, 10 करोड़ रुपये की लागत से होगा निर्माण

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 08 अक्टूबर 2025 जिले में शिक्षा और ज्ञान को नई दिशा देने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया जा रहा है। राजकीय पुस्तकालय को अब डिजिटल लाइब्रेरी के रूप में विकसित किया जाएगा। इस परियोजना पर लगभग 10 करोड़ रुपये की लागत आने का अनुमान है।

जानकारी के अनुसार, राजकीय इंटर कॉलेज (GIC) के प्रधानाचार्य द्वारा लगभग 1000 वर्गमीटर भूमि इस परियोजना के लिए प्रस्तावित की गई है। प्रस्ताव को शासन को भेजा गया है और स्वीकृति मिलते ही निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा।

डिजिटल पुस्तकालय में आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी, जिनमें ई-बुक रीडिंग ज़ोन, हाई-स्पीड इंटरनेट, ऑनलाइन अध्ययन सामग्री, डिजिटल डेटा सेंटर और छात्रों के लिए सेमिनार हॉल जैसी व्यवस्थाएं होंगी। इस लाइब्रेरी का उद्देश्य छात्रों, प्रतियोगी परीक्षार्थियों और आम नागरिकों को एक ही स्थान पर ज्ञान के सभी डिजिटल संसाधन उपलब्ध कराना है।

शिक्षा विभाग के अधिकारियों के अनुसार, इस परियोजना से जिले में डिजिटल शिक्षा को नई गति मिलेगी और ग्रामीण व शहरी छात्रों के बीच शिक्षा के अवसरों में संतुलन आएगा।

स्थानीय लोगों ने भी इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि डिजिटल पुस्तकालय बनने से युवा वर्ग को पढ़ाई और शोध के लिए एक बेहतर प्लेटफार्म मिलेगा।