फर्रुखाबाद:आत्मनिर्भर भारत सम्मेलन में जीएसटी दरों में बदलाव पर हुई चर्चा ,स्वदेशी अपनाने का लिया संकल्प

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 08 अक्टूबर 2025 भारतीय जनता पार्टी द्वारा सदर विधानसभा क्षेत्र में “आत्मनिर्भर भारत सम्मेलन” का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र के उपाध्यक्ष एवं कन्नौज के पूर्व जिला अध्यक्ष आनंद सिंह रहे। इस अवसर पर उन्होंने व्यापारियों को केंद्र सरकार द्वारा जीएसटी दरों में किए गए हालिया बदलावों की जानकारी दी और आत्मनिर्भर भारत संकल्प अभियान के अंतर्गत “स्वदेशी अपनाओ” का संकल्प दिलाया।

श्री आनंद सिंह ने कहा कि साल 2014 से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में एक मजबूत सरकार बनी है, जिसने भारत की वैश्विक छवि को बदलने का कार्य किया है। आत्मनिर्भर भारत के संकल्प के तहत संगठन द्वारा देशभर में कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि आर्थिक स्वावलंबन को बढ़ावा दिया जा सके। उन्होंने कहा कि विदेशी उत्पादों के बहिष्कार और स्वदेशी वस्तुओं को अपनाने से न केवल देश की अर्थव्यवस्था मजबूत होगी बल्कि गरीब और मजदूर वर्ग को भी सीधा लाभ मिलेगा।

उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार ने आम जनमानस की भावनाओं को ध्यान में रखते हुए रोजमर्रा की वस्तुओं पर जीएसटी की दरों में कमी की है, जिससे आम जनता को राहत मिलेगी। उन्होंने कहा कि विपक्ष द्वारा जीएसटी को लेकर फैलाए जा रहे भ्रम से जनता को सावधान रहना चाहिए, और पार्टी कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे व्यापारी वर्ग के बीच जाकर सरकार के निर्णयों की सही जानकारी जनता तक पहुंचाएं।

सदर विधायक मेजर सुनील दत्त द्विवेदी ने कहा कि लंबे समय तक सत्ता में रही पिछली सरकारों ने जनता की जेब पर बोझ बढ़ाने का कार्य किया, जबकि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने गरीब, मध्यम वर्ग, मजदूर और व्यापारियों के जीवन को सुगम बनाने के लिए ऐतिहासिक निर्णय लिए हैं। उन्होंने कहा कि जीएसटी दरों में बदलाव से त्योहारों के मौके पर रोजमर्रा की वस्तुओं की खरीद में वृद्धि हुई है।

कार्यक्रम में पूर्व जिला महामंत्री संदीप शाक्य, शिक्षक प्रकोष्ठ के प्रदेश सहसंयोजक भास्कर दत्त द्विवेदी, बढ़पुर पश्चिम मंडल अध्यक्ष संतोष राजपूत, बढ़पुर पूर्वी मंडल अध्यक्ष अमित पाल, फर्रुखाबाद पश्चिम मंडल अध्यक्ष वीर बहादुर पाल तथा फर्रुखाबाद पूर्वी मंडल अध्यक्ष राजकुमार वर्मा सहित अनेक पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।