फर्रुखाबाद:संकिसा बौद्ध महोत्सव को लेकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा, मंडलायुक्त व डीआईजी ने की समीक्षा

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 04 अक्टूबर 2025 बुद्ध महोत्सव संकिसा को लेकर प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में मंडलायुक्त कानपुर के. विजेन्द्र पांडियन एवं पुलिस उपमहानिरीक्षक कानपुर हरीश चंद्र ने आज थाना मेरापुर क्षेत्रान्तर्गत बौद्ध स्थल संकिसा का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, श्रद्धालुओं की सुविधाओं एवं कार्यक्रम स्थल की व्यवस्थाओं का गहन जायजा लिया। मंडलायुक्त व डीआईजी ने आयोजन समिति के पदाधिकारियों तथा प्रशासनिक अधिकारियों से वार्ता कर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।

उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि महोत्सव के दौरान आने वाले देश-विदेश के श्रद्धालुओं की सुरक्षा व सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। कार्यक्रम स्थल पर अग्निशमन, स्वास्थ्य, जलापूर्ति व विद्युत व्यवस्था की निरंतर निगरानी सुनिश्चित करने के आदेश भी दिए गए।

इस अवसर पर जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी एवं पुलिस अधीक्षक आरती सिंह सहित जनपद स्तरीय अधिकारी भी मौजूद रहे।
प्रशासन ने बताया कि संकिसा में बुद्ध महोत्सव के दौरान लाखों की संख्या में श्रद्धालुओं के आने की संभावना है, ऐसे में सुरक्षा, स्वच्छता एवं यातायात व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त रखने के लिए सभी विभागों को सतर्क कर दिया गया है।