फर्रुखाबाद:आगरा खंड स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों के पुनरीक्षण की घोषणा

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 04 अक्टूबर 2025 भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार अर्हता दिनांक 01 नवंबर 2025 के आधार पर आगरा खंड स्नातक एवं आगरा खंड शिक्षक विधान परिषद निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों के De-novo पुनरीक्षण कार्य की प्रक्रिया प्रारंभ हो गई है। स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के योग्य मतदाता अपने आवेदन निर्धारित प्रारूप में आगामी 06 नवंबर 2025 तक कर सकते हैं।

आवेदन प्रक्रिया

स्नातक के लिए प्रारूप-18 तथा शिक्षक के लिए प्रारूप-19 में आवेदन किया जा सकता है। आवेदन पत्र संबंधित विकास खंडों, नगर पालिकाओं, तहसीलों या निर्धारित मतदेय स्थलों पर नियुक्त पदनामित अधिकारी से प्राप्त कर जमा किए जा सकते हैं।

साथ ही, इच्छुक आवेदक ऑनलाइन भी आवेदन कर सकते हैं।

वेबसाइट: https://ceouttarpradesh.nic.in

ऑनलाइन पंजीकरण के लिए “Online Registration for Graduate and Teacher Constituency” लिंक पर क्लिक कर आवेदन किया जा सकता है।

स्नातक निर्वाचन क्षेत्र हेतु अर्हता

1. आवेदक संबंधित निर्वाचन क्षेत्र का सामान्य निवासी होना चाहिए।

2. आवेदक ने अर्हक दिनांक 01 नवंबर 2025 को कम से कम तीन वर्ष पूर्व भारत के किसी विश्वविद्यालय से स्नातक की उपाधि प्राप्त की हो या आयोग द्वारा मान्य समतुल्य अर्हता रखता हो।

शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र हेतु अर्हता

1. आवेदक संबंधित निर्वाचन क्षेत्र का सामान्य निवासी होना चाहिए।

2. अर्हक दिनांक से पहले पिछले छह वर्षों में कम से कम तीन वर्ष तक राज्य के भीतर किसी मान्यता प्राप्त शैक्षणिक संस्था (माध्यमिक स्तर या उससे ऊपर) में शिक्षण कार्य में संलग्न रहा हो।

जनजागरूकता के निर्देश

अपर जिलाधिकारी एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी अरुण कुमार सिंह ने बताया कि पात्र स्नातक एवं शिक्षक वर्ग के सभी नागरिकों को निर्वाचन नामावली में अपना नाम शामिल कराने के लिए निर्धारित अवधि में आवेदन अवश्य करना चाहिए। साथ ही, जिला सूचना अधिकारी को निर्देशित किया गया है कि उक्त प्रेस नोट का व्यापक प्रचार-प्रसार स्थानीय समाचार पत्रों एवं मीडिया माध्यमों में निःशुल्क प्रकाशित कराया जाए।