फर्रूखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 03 अक्टूबर 2025 को नवाबगंज स्थित शिव वाटिका मैरिज लॉन में एक अनोखा और प्रेरणादायी विवाह समारोह आयोजित हुआ। इस समारोह में शिवानी शाक्य, पुत्री श्री शिवकुमार शाक्य, निवासी ग्राम नगला चन्देला, पोस्ट गुतासी, जिला फर्रुखाबाद का विवाह संदीप शाक्य, पुत्र श्री रविन्द्र सिंह शाक्य, निवासी ग्राम पुरैय्या, पोस्ट जोगा, जिला मैनपुरी के साथ बौद्ध रीति से सम्पन्न हुआ।
समारोह में पारंपरिक वैवाहिक रस्मों की जगह बौद्ध धर्म की शिक्षाओं और परंपराओं का पालन किया गया। धम्म वचनों के बीच वर-वधू ने एक-दूसरे को जीवन भर साथ निभाने का संकल्प लिया। विवाह संस्कार सम्पन्न होने के बाद धर्मपाल बौद्ध ने नवदंपत्ति को बौद्ध विवाह प्रमाणपत्र प्रदान किया।
इस अवसर पर दोनों परिवारों एवं रिश्तेदारों सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने इसे सामाजिक समानता और सरलता का उदाहरण बताते हुए इसकी सराहना की। उल्लेखनीय है कि हाल के वर्षों में बौद्ध रीति से विवाह करने का चलन तेजी से बढ़ रहा है। इसमें दहेज, आडंबर और भेदभाव से दूर सरल, सादगीपूर्ण और समानता पर आधारित संस्कार सम्पन्न कराए जाते हैं।
