फर्रुखाबाद:मां गंगा सेवा समिति ने गांधी-शास्त्री जयंती एवं विजयदशमी पर किया वृक्षारोपण

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 02 अक्टूबर 2025 मां गंगा सेवा समिति द्वारा विजयदशमी महापर्व एवं राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री श्री लाल बहादुर शास्त्री जी की जयंती धूमधाम से मनाई गई। इस अवसर पर समिति के अध्यक्ष श्री रमेश चंद्र चतुर्वेदी, महामंत्री आशीष मिश्रा और संगठन मंत्री आलोक चतुर्वेदी ने कार्यक्रम का नेतृत्व करते हुए दोनों महापुरुषों के जीवन एवं विचारों पर प्रकाश डाला।

समिति के पदाधिकारियों ने कहा कि महात्मा गांधी का सत्य और अहिंसा का मार्ग तथा लाल बहादुर शास्त्री का “जय जवान, जय किसान” का नारा आज भी देशवासियों के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने सभी से आह्वान किया कि इन महापुरुषों के आदर्शों को अपने जीवन में आत्मसात करें।

कार्यक्रम के दौरान वृक्षारोपण अभियान भी चलाया गया। समिति के सदस्यों एवं बच्चों ने आंवला, शमी, बरगद और विभिन्न फूलदार पौधों का रोपण किया। इस पहल को पर्यावरण संरक्षण और हरित भविष्य की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया गया।

आज के आयोजन में समिति अध्यक्ष रमेश चंद्र चतुर्वेदी के साथ-साथ रवि मिश्रा, राहुल राठौर, नीटू मिश्रा, चैतन्य चतुर्वेदी, राजीव बाजपेई, कृतिका चतुर्वेदी, सुमन चतुर्वेदी, दीप्ती दुबे, श्रृष्टि मिश्रा सहित बड़ी संख्या में महिलाओं और बच्चों की उपस्थिति उल्लेखनीय रही।

समिति ने संकल्प लिया कि ऐसे सामाजिक और पर्यावरणीय कार्यक्रम भविष्य में भी निरंतर आयोजित किए जाते रहेंगे।