फर्रुखाबाद में अम्बेडकर पार्क की भूमि पर कब्जे की कोशिश, ग्रामीणों में रोष

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 01 अक्टूबर 2025 ग्राम पंचायत रमापुर दबीर में अम्बेडकर पार्क हेतु सुरक्षित भूमि पर कब्जे की कोशिश का मामला तूल पकड़ गया है। ग्राम निवासी सहवीर पुत्र प्यारेलाल ने जिलाधिकारी को प्रार्थना-पत्र देकर शिकायत दर्ज कराई है कि ग्राम प्रधान विनीता, उनके पति पवन यादव और समर्थक मिलकर पार्क की भूमि गाटा संख्या-219 पर अवैध रूप से पट्टा कर कब्जा कराने का प्रयास कर रहे हैं।

शिकायत के अनुसार, बीते 29 सितम्बर की सुबह करीब 7 बजे प्रधान पति भूपेन्द्र सिंह अपने समर्थकों लालसिंह, लालू उर्फ आलोक, अरुण, अंकुर, लर्दूरी, धीरेन्द्र, श्याम सिंह, सीताराम, नारद व बृम्हानन्द के साथ एकजुट होकर पहुंचे और अम्बेडकर पार्क हेतु सुरक्षित भूमि पर लोगों को पट्टा दिलाकर कब्जा कराने लगे। जब सहवीर ने इसका विरोध किया तो उनके साथ गाली-गलौज और मारपीट की गई।

ग्रामीणों के बीच हुई हाथापाई में सहवीर को गांव के अन्य लोगों—वीरेन्द्र सिंह, पुष्पेन्द्र सिंह, सुधीश, धर्मपाल और अवनीश—ने बचाया। आरोप है कि प्रधान पति और समर्थक बंदूक व तमंचा लेकर धमकी दे रहे थे और कह रहे थे कि “अम्बेडकर पार्क खेत व तालाब में निकाल देंगे।”

शिकायतकर्ता सहवीर का कहना है कि प्रधान पति ने गांव के कई लोगों से ₹20-20 हजार लेकर तीन-तीन डिस्मिल भूमि पट्टे पर देने और कब्जा कराने का वादा किया है। उन्होंने जिलाधिकारी से मांग की है कि इस अवैध कब्जे को तत्काल रोका जाए, अन्यथा अम्बेडकर पार्क हेतु सुरक्षित भूमि पर अवैध रूप से पट्टे कर कब्जा हो जाएगा।

इस घटना के बाद ग्रामीणों में दहशत का माहौल है और वे प्रशासन से त्वरित हस्तक्षेप की मांग कर रहे हैं।