फर्रुखाबाद:रेडिएंटो हॉस्पिटल में आत्मनिर्भर भारत अभियान के तहत व्यापारिक संगोष्ठी सम्पन्न

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 01 अक्टूबर 2025 कादरीगेट मसेनी मार्ग स्थित रेडिएंटो हॉस्पिटल में आज आत्मनिर्भर भारत अभियान के अंतर्गत व्यापारिक संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सांसद मुकेश राजपूत ने जनपद के ऑटोमोबाइल सेक्टर से जुड़े व्यापारियों को संबोधित किया और केंद्र सरकार द्वारा जीएसटी की दरों में किए गए बदलावों पर विस्तार से जानकारी दी। कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष फतेहचंद वर्मा ने की।

सांसद मुकेश राजपूत ने कहा कि केंद्र सरकार ने ऐतिहासिक निर्णय लेते हुए जीएसटी की चार कर स्लैब को घटाकर दो कर स्लैब कर दिया है। यह बदलाव 22 सितंबर से लागू हो चुके हैं, जिससे गरीब, मध्यमवर्ग और व्यापारी वर्ग को सीधा लाभ मिल रहा है। उन्होंने कहा कि विपक्ष द्वारा जनता को भ्रमित करने का प्रयास किया जा रहा है, इसलिए व्यापारी अपने प्रतिष्ठानों पर पुरानी और नई दरों की जानकारी स्पष्ट रूप से प्रदर्शित करें ताकि आम जनता तक सही जानकारी पहुंच सके।

सांसद ने बताया कि ऑटोमोबाइल सेक्टर में सरकार द्वारा दिए गए बदलाव से ग्राहकों को वाहन खरीदने पर सीधा लाभ मिलेगा। उन्होंने जोर देकर कहा कि आत्मनिर्भर भारत के लिए “स्वदेशी अपनाओ” का संकल्प आवश्यक है। साथ ही भारत की मिसाइल तकनीक और ऑपरेशन सिंदूर का उल्लेख करते हुए कहा कि आज भारत किसी भी ताकतवर देश के आगे झुकने वाला नहीं है।

आरटीओ सुभाष राजपूत ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जीएसटी में किए गए बदलावों से आम जनता को राहत देने का कार्य किया है। ग्राहकों को स्कूटर, मोटरसाइकिल व अन्य वाहनों की खरीदारी से पहले नई दरों की पूरी जानकारी अवश्य लेनी चाहिए।

जीएसटी असिस्टेंट कमिश्नर अमित त्यागी ने कहा कि जीएसटी में किए गए सुधार नए भारत की नींव को और मजबूत करेंगे। इसका लाभ व्यापारी और ग्राहक दोनों को मिलेगा।

जिलाध्यक्ष फतेहचंद वर्मा ने भाजपा कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे घर-घर जाकर सरकार के निर्णयों की जानकारी जनता तक पहुंचाएं। इसके लिए पार्टी द्वारा पत्रक उपलब्ध कराए जाएंगे। उन्होंने कहा कि आत्मनिर्भर भारत का संकल्प केवल प्रधानमंत्री का ही नहीं बल्कि हर भारतीय का है।

कार्यक्रम का संचालन सोशल मीडिया संयोजक अभिषेक बाजपेई ने किया। इस मौके पर आर्थिक प्रकोष्ठ के जिला संयोजक जितेंद्र सिंह, जिला कोषाध्यक्ष संजीव गुप्ता, पूर्व जिला महामंत्री प्रदीप सक्सेना, फर्रुखाबाद पूर्वी मंडल अध्यक्ष राजकुमार वर्मा, जिला मंत्री धर्मेंद्र राजपूत, अवनीश शाक्य समेत कई भाजपा पदाधिकारी व व्यापारी उपस्थित रहे।