जौनपुर:सुहागरात में बुजुर्ग की मौत, हत्या का संदेह – जिले में अनोखी शादी बनी चर्चा का विषय।

जौनपुर:(द दस्तक 24 न्यूज़) 30 सितम्बर 2025 जिले में एक अजीबो-गरीब मामला सामने आया है। 75 वर्षीय बुजुर्ग संग्रूराम ने 35 वर्षीय महिला मनभावती से शादी रचाई, लेकिन सुहागरात की रात ही उनकी मौत हो गई। इस घटना ने पूरे गांव में सनसनी फैला दी है।

जानकारी के अनुसार, संग्रूराम की पहली पत्नी का निधन पिछले वर्ष हो गया था। संतानहीन होने के कारण उन्होंने दूसरी शादी का फैसला लिया। 29 सितंबर को उन्होंने जलालपुर क्षेत्र की रहने वाली मनभावती के साथ पहले कोर्ट मैरिज की और उसके बाद मंदिर में सात फेरे लिए। शादी की चर्चा गांव में खूब रही, क्योंकि यहां कोर्ट मैरिज की परंपरा पहले कभी देखने को नहीं मिली थी।

लेकिन शादी के बाद जो हुआ, उसने सबको चौंका दिया। सुहागरात के दौरान देर रात अचानक संग्रूराम की मौत हो गई। प्रारंभिक तौर पर इसे सामान्य मृत्यु माना जा रहा था, लेकिन अब मामला हत्या की ओर इशारा कर रहा है। दरअसल, मृतक के भतीजे ने अंतिम संस्कार रुकवा दिया है और पुलिस को सूचना दी है।

बताया जा रहा है कि संग्रूराम के नाम पर काफी संपत्ति और खेती की जमीन है। इसी वजह से मौत के पीछे संपत्ति विवाद की आशंका भी जताई जा रही है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।

गांव में यह घटना चर्चा का मुख्य विषय बनी हुई है। लोग सवाल उठा रहे हैं कि पहले कोर्ट मैरिज और फिर मंदिर में फेरे लेने का क्या मकसद था? वहीं अचानक हुई मौत ने संदेह और भी गहरा कर दिया है।

पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है, जिसके बाद ही मौत की असली वजह सामने आ सकेगी।