लखनऊ:(द दस्तक 24 न्यूज़) 30 सितम्बर 2025 कभी अपनी निष्पक्ष और ईमानदार छवि के लिए चर्चित रहे पुलिस इंस्पेक्टर प्रेमवीर सिंह राणा पर अब आय से अधिक संपत्ति रखने का गंभीर आरोप लग गया है। विजिलेंस ने उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है।
इंस्पेक्टर प्रेमवीर सिंह राणा पुलिस सेवा में रहते हुए कई उपलब्धियों के लिए सम्मानित किए गए थे। उन्हें –राष्ट्रपति वीरता पुरस्कार, डीजीपी उत्कृष्ट सेवा पुरस्कार, केंद्रीय गृह मंत्रालय का बेस्ट इन्वेस्टिगेशन अवार्ड मिल चुका है। इसके अलावा भी उन्होंने कई सम्मान हासिल किए।
करीब डेढ़ साल तक वे कैराना कोतवाली में तैनात रहे और मजबूती से कार्य किया। हालांकि, सेवा के दौरान अनाप-शनाप कमाई की शिकायतों के बाद शासन ने उनके खिलाफ विजिलेंस जांच बैठाई थी।
जांच में खुलासा हुआ कि उन्होंने अपनी ज्ञात आय के मुकाबले लगभग 3 करोड़ रुपये अधिक खर्च किए। जब उनसे स्पष्टीकरण मांगा गया तो वे कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सके। इसके बाद विजिलेंस ने एफआईआर दर्ज करा दी।
गौरतलब है कि राणा अब रिटायर हो चुके हैं, लेकिन आरोपों की गाज उनके सेवा जीवन के कार्यकाल पर गिर चुकी है। बताया जाता है कि उनकी लोकप्रियता इतनी रही कि उन पर एक फिल्म भी बनी थी, हालांकि खुद राणा ने उसे देखने से इनकार कर दिया था।
अब देखना होगा कि कभी ईमानदारी की मिसाल कहे जाने वाले इंस्पेक्टर प्रेमवीर सिंह राणा इस कानूनी लड़ाई में अपना बचाव कैसे करते हैं।
