फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 30 सितम्बर 2025 मिशन शक्ति अभियान के पांचवें चरण के तहत बेटियों को सशक्त बनाने और प्रशासनिक कार्यप्रणाली से जोड़ने के उद्देश्य से मंगलवार को छात्रा शिवानी राठौर को नगर पालिका परिषद, फर्रुखाबाद का एक दिन का अधिशासी अधिकारी (ईओ) बनाया गया।
शिवानी राठौर, जो कि मोहनलाल शुक्ला आदर्श विद्यालय इंटर कॉलेज, मऊदरवाजा की छात्रा एवं बीबीगंज निवासी राजेंद्र राठौर की पुत्री हैं, ने इस अवसर पर नगर पालिका की कार्यप्रणाली को समझा और अधिकारियों-कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के वर्चुअल संवाद में दिए गए निर्देशों के आधार पर नगर की सफाई व्यवस्था और टैक्स वसूली में सुधार लाने के निर्देश अधिकारियों को दिए। इस दौरान शिवानी ने कहा कि स्वच्छ भारत अभियान को सफल बनाने के लिए सभी को जिम्मेदारी से काम करना होगा।
कार्यक्रम में अधिशासी अधिकारी विनोद कुमार, वरिष्ठ लिपिक शरद वाजपेई सहित नगर पालिका के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
मिशन शक्ति के अंतर्गत इस पहल का उद्देश्य छात्राओं को प्रशासनिक अनुभव प्रदान करना और उनमें नेतृत्व क्षमता विकसित करना है।
यह पहल न केवल बेटियों को आत्मविश्वास देती है, बल्कि उन्हें समाज और शासन-प्रशासन में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाने की प्रेरणा भी देती है।
