फर्रुखाबाद:लिंक एक्सप्रेसवे व बांध मुद्दे पर भाकियू टिकैत का धरना प्रदर्शन, जिला प्रशासन ने रखी वार्ता का प्रस्ताव

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 30 सितम्बर 2025 भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) द्वारा लिंक एक्सप्रेसवे एवं बांध की समस्याओं को लेकर 6 अक्टूबर से अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन की घोषणा के बाद जिला प्रशासन हरकत में आ गया है। प्रशासन ने किसानों को 1 अक्टूबर को वार्ता के लिए जिला अधिकारी सभागार में आमंत्रित किया है।

गौरतलब है कि 28 सितंबर को भाकियू टिकैत की जिला कार्यालय पर आयोजित महापंचायत एवं समीक्षा बैठक में सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया था कि यदि जिला प्रशासन किसानों की समस्याओं पर गंभीरता से वार्ता नहीं करता, तो आगामी 6 अक्टूबर को बाबा महेंद्र सिंह टिकैत की जयंती के अवसर पर जिला अधिकारी प्रांगण में धरना प्रदर्शन शुरू किया जाएगा।

भाकियू टिकैत के जिला महासचिव अभय यादव ने बताया कि 22 सितंबर को संगठन ने जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपा था, जिसमें लिंक एक्सप्रेसवे और बांध से जुड़ी गंभीर समस्याओं के समाधान की मांग की गई थी। लेकिन अब तक ठोस कार्रवाई न होने पर किसानों में नाराजगी है। इसी को लेकर महापंचायत में धरना प्रदर्शन का निर्णय लिया गया।

अब जिला प्रशासन ने किसानों के प्रस्तावित आंदोलन को देखते हुए वार्ता की पहल की है। किसान संगठनों का कहना है कि यदि वार्ता सकारात्मक और ठोस समाधान की ओर बढ़ती है तो आंदोलन पर पुनर्विचार किया जा सकता है, अन्यथा 6 अक्टूबर से धरना प्रदर्शन तय है।

अब देखने वाली बात यह होगी कि 01 अक्टूबर को होने वाली वार्ता किसानों और प्रशासन के बीच गतिरोध को खत्म कर पाएगी या नहीं।