फर्रूखाबाद में 30 सितंबर को दिव्यांगजन उपकरण वितरण कार्यक्रम की तैयारी पूर्ण

फर्रूखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 25 सितम्बर 2025 जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी की अध्यक्षता में आज कलेक्ट्रेट सभागार फतेहगढ़ में आगामी 30 सितंबर को आयोजित होने वाले दिव्यांगजन उपकरण वितरण कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा बैठक सम्पन्न हुई।

बैठक में जिलाधिकारी ने अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि कार्यक्रम में आने वाले सभी लाभार्थियों को ब्लॉक स्तर से लाने और वापस ले जाने के लिए बसों की व्यवस्था की जाएगी। इस संबंध में उन्होंने एआरटीओ को निर्देशित किया।

उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में आने वाले लाभार्थियों के लिए नाश्ता और दोपहर का भोजन एलिम्को कानपुर की ओर से उपलब्ध कराया जाएगा। साथ ही कार्यक्रम की सभी व्यवस्थाओं को सुचारु एवं बेहतर ढंग से सुनिश्चित करने के लिए संबंधित अधिकारियों की ड्यूटी भी लगा दी गई है।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी विनोद कुमार गौड़, अपर जिलाधिकारी सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे। जिले में दिव्यांगजनों के लिए यह कार्यक्रम बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि इसमें उन्हें सहायक उपकरण उपलब्ध कराए जाएंगे, जिससे उनकी दैनिक जीवन की आवश्यकताओं को पूरा करने में बड़ी मदद मिलेगी।