फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 24 सितम्बर 2025 कंपिल क्षेत्र में शाक्य समाज की बेटी के साथ हुए सामूहिक दुष्कर्म एवं धर्मांतरण के प्रयास से संबंधित मामले को लेकर आज राज्यसभा सांसद गीता शाक्य ने पीड़िता के गांव जोगपुर पहुंचकर पीड़ित परिवार से भेंट की। इस दौरान उनके साथ अमृतपुर विधायक सुशील शाक्य, भाजपा जिलाध्यक्ष फतेहचंद्र राजपूत सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
सांसद गीता शाक्य ने परिजनों को भरोसा दिलाते हुए कहा कि इस संवेदनशील प्रकरण में पीड़िता को हर हाल में न्याय मिलेगा। उन्होंने बताया कि पुलिस द्वारा आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई की जा रही है और सभी को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।
उन्होंने संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों को निर्देश दिए कि मामले में शामिल षड्यंत्रकारियों और धर्मांतरण के प्रयास से जुड़े तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। सांसद ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी पीड़ित परिवार के साथ मजबूती से खड़ी है और किसी भी कीमत पर अपराधियों को बख्शा नहीं जाएगा। भाजपा नेताओं ने स्पष्ट किया कि बेटियों की अस्मिता पर आंच आने पर पूरी पार्टी समाज के साथ खड़ी है और इस प्रकार की घटनाओं को किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
