फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 23 सितम्बर 2025 “सेवा पखवाड़ा – विकसित भारत, समर्थ उत्तर प्रदेश” कार्यक्रम के अंतर्गत आज कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
जनपद विकास को लेकर निर्देश
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने अधिकारियों को सक्रियता बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि–कुल 23 अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है कि वे जिले की बेहतरी के विषय में गंभीरता से सोचें और अपने विचार पोर्टल पर प्रेषित करें।
जनपद में चल रहे सांस्कृतिक कार्यक्रमों का पूरा विवरण समय से नगर विकास की वेबसाइट पर अपलोड किया जाए। शासन द्वारा प्राप्त विचारों में से महत्वपूर्ण सुझावों को अपनाकर क्रियान्वित किया जाएगा। इससे प्रदेश में तेजी से विकास की दिशा तय होगी।
आमजन की भागीदारी पर जोर
जिलाधिकारी ने बताया कि पोर्टल पर आम नागरिक भी अपनी राय साझा कर सकते हैं। लोग बता सकेंगे कि किस क्षेत्र में क्या कमी है और किस प्रकार की कार्यप्रणाली से क्या सुधार किया जा सकता है। इस प्रक्रिया से शासन को जनता की सीधी भागीदारी और व्यवहारिक सुझाव प्राप्त होंगे, जिन पर अमल कर प्रदेश को और अधिक विकसित व समर्थ बनाया जा सकेगा।
