फर्रुखाबाद में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया 10वां आयुर्वेद दिवस

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 23 सितम्बर 2025 आयुष विभाग (आयुर्वेद) द्वारा आज 10वां आयुर्वेद दिवस धूमधाम और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर जनपद के 16 चिकित्सालयों द्वारा ग्राम स्तरीय आयुष शिविर आयोजित किए गए, वहीं जिला स्तरीय भव्य कार्यक्रम का आयोजन फतेहगढ़ स्थित ऑफिसर्स क्लब में किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ जिलाधिकारी फर्रुखाबाद श्री आशुतोष कुमार द्विवेदी ने दीप प्रज्ज्वलन कर किया। इस दौरान जिला विकास अधिकारी श्री एस.के. तिवारी सहित कई गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में आयुर्वेदिक औषधीय पौधों की प्रदर्शनी लगाई गई, जिसमें जनता को इन पौधों की उपयोगिता और आयुर्वेद औषधियों के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। अतिथियों और प्रतिष्ठित व्यक्तियों को आयुर्वेद पुस्तकें एवं औषधीय पौधे भी भेंट किए गए।

जिला स्तरीय कार्यक्रम का संचालन डॉ. विजय कुमार यादव (क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी) और डॉ. दीप्ति त्रिवेदी (जिला होम्योपैथिक चिकित्साधिकारी) ने किया। इस दौरान जिलाधिकारी महोदय को आयुर्वेद औषधियों और औषधीय पौधों के औषधीय गुणों के बारे में अवगत कराया गया।

आयुष शिविरों में चिकित्सकों ने रोगियों का परीक्षण कर निःशुल्क औषधियों का वितरण किया। कुल 1643 रोगियों (जनपद स्तरीय – 375 एवं ग्राम स्तरीय – 1268) को लाभान्वित किया गया। साथ ही लीफलेट्स वितरित कर जनता को आयुर्वेद के प्रति जागरूक किया गया।

कार्यक्रम में योग प्रशिक्षकों ने योग के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि यदि योग को जीवनशैली का हिस्सा बना लिया जाए तो अनेक बीमारियों से बचाव संभव है।

इस अवसर पर आयुष विभाग ने संकल्प लिया कि आयुर्वेद और योग को जन-जन तक पहुँचाने के लिए भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रम निरंतर आयोजित किए जाएंगे।