फर्रुखाबाद:जिला जज, डीएम और एसपी ने किया जिला एवं केंद्रीय कारागार का निरीक्षण

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 23 सितम्बर 2025 जिला जज महोदय, जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी एवं पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने संयुक्त रूप से जिला कारागार एवं केंद्रीय कारागार का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने जेल चिकित्सालय, पुरुष एवं महिला बंदियों की बैरक सहित संपूर्ण परिसर का बारीकी से जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान कारागार में निरूद्ध बंदियों को उपलब्ध भोजन की गुणवत्ता, स्वास्थ्य सुविधाओं, साफ-सफाई एवं अन्य व्यवस्थाओं को परखा गया। इस दौरान जिला जज एवं वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए और कहा कि बंदियों को मानवीय दृष्टिकोण से मूलभूत सुविधाएं समय पर उपलब्ध कराई जाएं।

जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी ने जेल प्रशासन को साफ-सफाई और स्वच्छ पेयजल व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। वहीं पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने सुरक्षा प्रबंधन को और अधिक मजबूत करने पर बल दिया।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने महिला बंदियों की बैरक का भी निरीक्षण किया और उनके स्वास्थ्य व सुरक्षा को लेकर जरूरी सुझाव दिए। अधिकारियों ने कहा कि बंदियों के पुनर्वास एवं मानसिक स्वास्थ्य पर भी समुचित ध्यान दिया जाए।

इस औचक निरीक्षण से जेल प्रशासन में जहां सतर्कता बढ़ी है, वहीं कैदियों की मूलभूत सुविधाओं के प्रति प्रशासन की गंभीरता भी साफ झलक रही है।