फर्रुखाबाद में दशम् आयुर्वेद दिवस की तैयारियों को लेकर बैठक सम्पन्न

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज) 22 सितम्बर 2025 दशम् आयुर्वेद दिवस (23 सितंबर 2025) के सफल आयोजन हेतु 20 सितंबर को कलैक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी (अध्यक्ष, जिला आयुष समिति) की अध्यक्षता में बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में राष्ट्रीय एवं राज्य स्तर से प्राप्त दिशा-निर्देशों के अनुपालन पर चर्चा की गई और कई निर्णय लिए गए।

प्रमुख निर्णय और कार्यक्रम रूपरेखा:

1. जनपद स्तरीय मुख्य कार्यक्रम

23 सितंबर को ऑफिसर्स क्लब, फतेहगढ़ में आयुर्वेद चिकित्सा उपचार एवं जागरूकता कैम्प का आयोजन किया जाएगा। इसमें रोगानुसार परीक्षण कर मरीजों को निःशुल्क औषधियां वितरित की जाएंगी। साथ ही आयुर्वेद प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी।

2. विशिष्ट अतिथि एवं अधिकारी

उद्घाटन समारोह में माननीय जनप्रतिनिधि, विशिष्ट अतिथि एवं जिला स्तरीय अधिकारी शामिल होंगे।

3. प्रचार-प्रसार अभियान

शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में बैनर, होर्डिंग्स, पोस्टर, लीफलेट्स के माध्यम से जन-मानस को जागरूक किया जाएगा। दैनिक समाचार पत्रों और सोशल मीडिया पर भी प्रचार-प्रसार होगा।

4. आयुर्वेद थीम्स पर जागरूकता

मोटापे के लिए आयुर्वेद आहार, डिजिटल युग में आयुर्वेद, भ्रामक विज्ञापनों से बचाव, कैंसर देखभाल में आयुर्वेद, छात्रों के लिए स्वास्थ्य जागरूकता, पशु स्वास्थ्य हेतु आयुर्वेद, पौधों के लिए आयुर्वेद, संहिता से संवाद और मीडिया साझेदारी

5. विद्यालयों में गतिविधियां

प्राथमिक से माध्यमिक विद्यालयों में भाषण, निबंध, स्लोगन लेखन, प्रश्नोत्तरी व रंगोली प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी इन गतिविधियों को आधिकारिक वेबसाइट ayurvedaday.org.in पर अपलोड किया जाएगा।

6. औषधीय पौधों का वितरण और संरक्षण

जिले के आयुर्वेदिक चिकित्सालयों एवं उद्यान विभाग द्वारा औषधीय पौधों (अश्वगंधा, ब्राम्ही, आंवला, एलोवेरा, तुलसी आदि) का वितरण एवं पौधारोपण अभियान चलाया जाएगा।

7. ग्रामीण और शहरी स्तर पर कैम्प

जिले के 16 आयुर्वेद, 3 यूनानी, 19 होम्योपैथिक चिकित्सालयों और 4 योग वेलनेस सेन्टरों में जागरूकता और चिकित्सा कैम्प आयोजित किए जाएंगे।

बैठक के अंत में जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी कार्यक्रम समयबद्ध, सुव्यवस्थित और व्यापक जनभागीदारी के साथ आयोजित किए जाएं ताकि अधिक से अधिक लोग आयुर्वेद के लाभ से जुड़ सकें।